https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

Asian Games 2026: 12वें दिन भारत ने तीरंदाजी में जीते 2 गोल्ड, लॉस एंजिल्स 2028 के लिए भी हासिल किया कोटा, जानें पूरी डिटेल

Asian Games 2026: 12वें दिन भारत ने तीरंदाजी में जीते 2 गोल्ड, लॉस एंजिल्स 2028 के लिए भी हासिल किया कोटा, जानें पूरी डिटेल

एशियाई गेम्स 2026 में बुधवार (30 सितंबर) की सुबह पदकों से लिहाज से बेहद खास रही है क्योंकि आइची-नागोया में खेले जा रहे इन एशियाई गेम्स में भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। जिसमें सबसे पहले भारतीय टीम की महिला कंपाउंड ने चीन को हराकर गोल्ड मेडल जीता और ठीक इसके बाद तीरंदाज चिकिता तनिपार्थी और साहिल राजेश जाधव की जोड़ी ने साउथ कोरिया को शूट-ऑफ में मात देकर एक और स्वर्ण पदक भारत के खाते में डाल दिया। इस तरह भारत के खाते में गोल्ड मेडल की संख्या 8 हो गई है। वहीं, भारत के कुल पदकों की संख्या 56 हो गई है, जिसमें 8 स्वर्ण, 21 रजत और 27 कांस्य पदक शामिल हैं।

दरअसल एशियाई खेलों के 12वें दिन तीरंदाजी के मैदान पर महिला कंपाउंड टीम के फाइनल में ज्योति सुरेखा वेन्नम, प्रथिका प्रदीप और चिकिता तनिपार्थी की भारतीय तिकड़ी का सामना चीन से हुआ। जिसमें भारतीय टीम ने शुरुआत से ही बेहतरीन निशाना साधते हुए मुकाबले पर मजबूत पकड़ बनाए रखी और आखिर में चीन को 238-234 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने 238 अंक का स्कोर बनाकर इस स्पर्धा के विश्व रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। यह रिकॉर्ड इससे पहले दक्षिण कोरिया की टीम ने 2014 में बनाया था।

मिश्रित टीम में शूट-ऑफ से आया गोल्ड

महिला टीम की जीत के बाद चिकिता तनिपार्थी और साहिल राजेश जाधव की जोड़ी मिश्रित टीम फाइनल में उतरी। जिसका सामना दक्षिण कोरिया की पार्क और चोई की जोड़ी से हुआ। यह मुकाबला शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमों के बीच लगातार कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले एंड में भारत ने 40 अंक जुटाए, जबकि दक्षिण कोरिया 39 अंक ही बना सका। दूसरे एंड के बाद भी भारतीय जोड़ी बढ़त पर थी। इसके बाद जैसे-जैसे मुकाबला करीब आता गया, वैसे-वैसे भारतीय तीरंदाजों ने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन जारी रखा, लेकिन आखिरी चरण में दक्षिण कोरिया ने स्कोर बराबर कर दिया। नियमित मुकाबला 157-157 की बराबरी पर खत्म हुआ, जिसके बाद मुकाबला शूट-ऑफ में पहुंच गया।

शूट-ऑफ में चिकिता और साहिल ने शानदार संयम दिखाया। दोनों ने मिलकर 20 अंक हासिल किए, जबकि दक्षिण कोरिया की जोड़ी 19 अंक ही बना सकी। इस तरह भारतीय जोड़ी ने शूट-ऑफ में जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

चिकिता के खाते में दूसरा गोल्ड

बता दें कि चिकिता तनिपार्थी के लिए यह एशियाई खेल बेहद खास साबित हो रहे हैं। क्योंकि महिला कंपाउंड टीम के साथ स्वर्ण जीतने के बाद मिश्रित टीम में भी गोल्ड हासिल कर उन्होंने एक ही दिन में दो स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए। वहीं साहिल राजेश जाधव का यह एशियाई खेलों में पहला स्वर्ण पदक है। इसके अलावा एक और खास बात है कि मिश्रित टीम में स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारत को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक की मिश्रित कंपाउंड तीरंदाजी स्पर्धा के लिए कोटा स्थान भी हासिल हुआ है। यानी भारतीय जोड़ी की इस जीत का महत्व सिर्फ एशियाई खेलों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इससे अगले ओलंपिक की राह भी खुली है।

लगातार दो स्वर्ण पदक जीतने के साथ एशियाई खेलों में भारत के पदकों की संख्या भी बढ़ी है। भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने बुधवार को एक के बाद एक स्वर्ण जीतकर पदक अभियान को मजबूती दी। 30 सितंबर की सुबह तक भारत 8 स्वर्ण, 21 रजत और 27 कांस्य समेत कुल 56 पदकों के साथ पदक तालिका में 9वें स्थान पर पहुंच गया है।

इस बीच भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए एक और पदक पक्का किया। टीम में तन्वी खन्ना, अनाहत सिंह और जोशना चिनप्पा शामिल हैं। एशियाई खेलों के 12वें दिन भारत की नजरें अब शूटिंग, तीरंदाजी, स्क्वैश, कुश्ती, बॉक्सिंग और महिला हॉकी समेत कई स्पर्धाओं पर हैं। निशानेबाज नीरू ढांडा भी मिश्रित टीम क्वालीफिकेशन और टीम स्पर्धा में उतरेंगी। वहीं मुक्केबाजी में लवलीना बोरगोहेन समेत भारतीय खिलाड़ी पदक पक्के करने के इरादे से रिंग में उतरेंगे। महिला हॉकी टीम भी सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया का सामना करेगी।

ये भी पढ़ें:- जिस दिन नीरू धांडा ने पहली बार थामी थी बंदूक, आज उसी हाथ में है एशियाई खेलों का गोल्ड मेडल

 

 

 

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *