Lucknow News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। हजरतगंज स्थित पटेल पार्क में आयोजित कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की 25 वर्षों की यात्रा को ‘जनसेवा से राष्ट्र सेवा’ और ‘गांव से ग्लोबल’ तक भारत के बदलते सफर से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं से इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुजरात के एक छोटे से गांव से निकलकर सामान्य कार्यकर्ता के रूप में सार्वजनिक जीवन शुरू करने वाले नरेंद्र मोदी ने वैश्विक स्तर पर भारत की नई पहचान स्थापित की है। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक की 25 वर्षों की यह यात्रा केवल एक व्यक्ति की राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि देश के नागरिकों के जीवन में आए व्यापक बदलावों की यात्रा भी है।
7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई अहम यात्रा
अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। उस समय गुजरात गंभीर आपदा की स्थिति से गुजर रहा था और समाज तथा राष्ट्र विरोधी तत्व अव्यवस्था पैदा करने का प्रयास कर रहे थे। ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पीएम मोदी ने गुजरात की जिम्मेदारी संभाली और राज्य को मॉडल स्टेट के रूप में देश-दुनिया के सामने स्थापित किया।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 12 वर्षों के दौरान नरेंद्र मोदी ने भारत को समर्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाया है। योगी आदित्यनाथ ने इस यात्रा के एक संयोग का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जब नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, उस समय लखनऊ से सांसद अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे। आज नरेंद्र मोदी वाराणसी के सांसद के तौर पर देश का नेतृत्व कर रहे हैं।

सुरक्षा, किसान और युवाओं को लेकर बदली तस्वीर
सुरक्षा, किसान और युवाओं के बदलते जीवन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को हर वर्ग के जीवन में बदलाव की यात्रा के तौर पर देखा जाना चाहिए। यह यात्रा महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा देने, किसानों की आय और जीवन में खुशहाली लाने तथा युवाओं के लिए रोजगार, नौकरी और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ी है। करीब 12 वर्ष पहले भारत को कमजोर अर्थव्यवस्था वाले देशों में गिना जाता था, लेकिन आज भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना चुका है। जहां पहले देश में कुछ हजार स्टार्टअप थे, वहीं अब इनकी संख्या ढाई लाख से अधिक हो चुकी है।
रेलवे से एक्सप्रेसवे तक बढ़ी कनेक्टिविटी
योगी आदित्यनाथ ने देश में इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के विस्तार को भी सरकार की उपलब्धियों से जोड़कर बताया। उन्होंने रेलवे विद्युतीकरण, ब्रॉड गेज विस्तार और ईस्टर्न तथा वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं के जरिए रेलवे विश्वस्तरीय सुविधाओं की ओर बढ़ रहा है। साथ ही देश में एयरपोर्ट की संख्या बढ़ी है और हाईवे और एक्सप्रेसवे का नेटवर्क मजबूत हुआ है।
सेमीकंडक्टर से डिफेंस तक आत्मनिर्भर भारत
मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय भारत एक चिप के लिए भी दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन अब देश में सेमीकंडक्टर से जुड़े 12 से अधिक बड़े उद्योग या तो काम कर रहे हैं या उनमें बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है। भारत चिप निर्माण और निर्यात के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ से ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ तक
उत्तर प्रदेश में आए बड़ें बदलावों का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ के जरिए अराजकता और सत्ता के समानांतर व्यवस्था दिखाई देती थी। लेकिन अब प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ जैसी पहलों से हो रही है। इसके अलावा हुनरमंद कारीगरों और हस्तशिल्पियों को उद्यमी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं से ‘सेवा ज्योति’ को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक की 25 वर्षों की यात्रा को लोगों तक पहुंचाने के साथ ही जनता को 2047 तक विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है।


