https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

प्रज्ञान ओझा बने चीफ सेलेक्टर, रमेश पवार को भी मिली जगह, जानें कौन हैं ये पूर्व क्रिकेटर

प्रज्ञान ओझा बने चीफ सेलेक्टर, रमेश पवार को भी मिली जगह, जानें कौन हैं ये पूर्व क्रिकेटर

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति में बड़ा बदलाव किया है। पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को मुख्य चयनकर्ता यानी चीफ सेलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह इस पद पर अजीत अगरकर की जगह लेंगे। इसके साथ ही पूर्व भारतीय क्रिकेटर रमेश पवार को भी चयन समिति में नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। चयन समिति में हुए इन बदलावों के बाद अब भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन और टीम कॉम्बिनेशन तैयार करने की जिम्मेदारी नई टीम के पास होगी।

प्रज्ञान ओझा को मुख्य चयनकर्ता बनाए जाने के पीछे उनके टेस्ट क्रिकेट खेलने के अनुभव को अहम माना गया है। उन्होंने भारत के लिए 24 टेस्ट मैच खेले हैं, जो मौजूदा चयन समिति के सदस्यों में सबसे ज्यादा हैं। वहीं, रमेश पवार को उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और कोचिंग के अनुभव के आधार पर चयन समिति में शामिल किया गया है।

क्रिकेट सलाहकार समिति ने कैसे किया रमेश पवार का चयन?

बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) के सदस्य अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे ने चयन समिति के नए सदस्य के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की। इसके लिए मुंबई स्थित BCCI मुख्यालय में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग की गई और इंटरव्यू लिए गए। इसके बाद दोनों सदस्यों ने आपसी सहमति से रमेश पवार के नाम का चयन किया। पवार को भारतीय क्रिकेट में खेलने के साथ-साथ कोचिंग का भी अच्छा अनुभव है। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने घरेलू क्रिकेट में मुंबई और गुजरात की टीमों के साथ भी कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली है। बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उन्होंने बॉलिंग कोच के रूप में भी काम किया है।

भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे खेल चुके हैं रमेश पवार

रमेश पवार पूर्व भारतीय स्पिनर हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मुकाबले खेले। क्रिकेट से जुड़े अपने अनुभव के बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। पवार दो अलग-अलग कार्यकाल में भारतीय सीनियर महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रहे। पहली बार उन्हें 2018 में यह जिम्मेदारी मिली थी, जबकि मई 2021 में उन्हें दोबारा टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया। महिला टीम के साथ उनके कार्यकाल में भारत ने एशिया कप का खिताब जीता और कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल हासिल किया।

इसके अलावा पवार ने मुंबई और गुजरात की घरेलू टीमों के मुख्य कोच के रूप में भी काम किया। बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालने का अनुभव भी उनके पास है। अब चयन समिति में शामिल होने के बाद उनकी भूमिका भारतीय पुरुष टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन से जुड़ी होगी।

प्रज्ञान ओझा के हाथों में होगी चयन समिति की कमान

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की नई चयन समिति में प्रज्ञान ओझा के साथ शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार शामिल हैं। इस पांच सदस्यीय समिति का काम खिलाड़ियों के प्रदर्शन, फिटनेस, उपलब्धता और टीम की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सही खिलाड़ियों का चयन करना होगा। चयन समिति को अलग-अलग प्रारूपों के लिए टीम तैयार करने और जरूरत के मुताबिक संतुलित टीम कॉम्बिनेशन बनाने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। आने वाली अंतरराष्ट्रीय सीरीज और बड़े टूर्नामेंटों को देखते हुए समिति के फैसले भारतीय टीम की रणनीति के लिहाज से अहम होंगे।

प्रज्ञान ओझा का अंतरराष्ट्रीय करियर कैसा रहा?

अगर बात प्रज्ञान ओझा के क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय करियर की करें तो उन्होंने  भारत के लिए तीनों प्रारूपों में क्रिकेट खेला है। उनके अंतरराष्ट्रीय करियर में 24 टेस्ट, 18 वनडे और 6 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले शामिल हैं। बाएं हाथ के स्पिनर ओझा ने टेस्ट क्रिकेट में 113, वनडे में 21 और टी20 इंटरनेशनल में 10 विकेट हासिल किए। इस तरह उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 144 विकेट दर्ज हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6 विकेट पर 47 रन रहा। इसके अलावा प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी ओझा का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। उन्होंने 108 मैचों में कुल 424 विकेट हासिल किए। उन्होंने अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मुकाबला 2018 में बिहार की ओर से उत्तराखंड के खिलाफ खेला था। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में प्रज्ञान ओझा डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस की ओर से खेल चुके हैं। उन्होंने आईपीएल में कुल 92 मुकाबले खेले और 89 विकेट लिए। हालांकि, 2015 के बाद से वह आईपीएल की किसी टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं।

अजीत अगरकर के कार्यकाल में भारत ने जीतीं तीन ICC ट्रॉफी

चयन समिति में बदलाव के दौरान बीसीसीआई ने पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के योगदान की भी सराहना की है। गौरतलब है कि अगरकर को जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष टीम की चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके कार्यकाल में भारतीय क्रिकेट टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। इस दौरान भारत ने तीन आईसीसी ट्रॉफी, दो एशिया कप और लगातार दो एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीते। बीसीसीआई ने अगरकर की मेहनत, लगन और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए आभार जताया है।

फिलहाल प्रज्ञान ओझा की अगुवाई वाली चयन समिति के सामने भारतीय टीम के लिए मजबूत और संतुलित खिलाड़ियों को चुनने की चुनौती होगी। क्योंकि खिलाड़ियों के मौजूदा प्रदर्शन और टीम की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिए जाने वाले फैसले आने वाले मुकाबलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

ये भी पढ़ें:- न्यूजीलैंड दौरे के लिए ODI टीम में नहीं मिली जगह, क्या इन 5 दिग्गज खिलाड़ियों के लिए 2027 वर्ल्ड कप के दरवाजे हो रहे बंद?

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *