https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

पुलिस स्मृति दिवस पर CM योगी का बड़ा ऐलान! SI से लेकर सिपाहियों तक का बढ़ा भत्ता, जानें किसे कितना फायदा

पुलिस स्मृति दिवस पर CM योगी का बड़ा ऐलान! SI से लेकर सिपाहियों तक का बढ़ा भत्ता, जानें किसे कितना फायदा

UP News: उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों के सम्मान में आयोजित स्मृति परेड में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद पुलिसकर्मियों के आश्रितों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि एक सतत दायित्व है, जिसके निर्वहन में जवान अपने सुख, सपने और कभी-कभी अपना पूरा जीवन तक समर्पित कर देते हैं।

 

पुलिसकर्मियों के भत्तों में बढ़ोतरी की घोषणा

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस के फील्ड ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों के भत्तों में बढ़ोतरी की घोषणा करते हुए कहा कि उपनिरीक्षकों और निरीक्षकों का मोटरसाइकिल भत्ता 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। वहीं, PPS संवर्ग के अधिकारियों का यूनिफॉर्म भत्ता 6,400 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये किया जा रहा है। इसके अलावा, फील्ड ड्यूटी पर तैनात आरक्षियों और मुख्य आरक्षियों का सिम भत्ता 2,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की। इन फैसलों का मुख्य उद्देश्य फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

पुलिस के जवानों के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विजयादशमी जैसे त्योहारों पर लोग अपने परिवारों के साथ खुशियां मनाते हैं, तब पुलिसकर्मी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाते हैं, ताकि हर नागरिक निर्भय होकर उत्सव का आनंद ले सके। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की सतर्कता और समर्पण के कारण ही आम नागरिक सुरक्षित महसूस करते हैं।

सीएम ने कहा कि किसी बच्चे का सुरक्षित स्कूल पहुंचना, किसी बेटी का स्वतंत्र रूप से घर से बाहर निकलना, किसी व्यापारी का बिना भय के कारोबार करना और किसी नागरिक को संकट के समय सहायता मिलना सामान्य बातें लग सकती हैं, लेकिन इनके पीछे सुरक्षा व्यवस्था का निरंतर प्रयास होता है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि शहीदों के प्रति राष्ट्र का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। किसी भी राष्ट्र की महानता इस बात से तय होती है कि वह अपने इतिहास, मूल्यों और उन वीरों के योगदान को कितना सम्मान देता है, जिनके त्याग से वर्तमान सुरक्षित और भविष्य सुनिश्चित होता है।

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर किया दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले के पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश में 815 दंगे हुए थे। उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश में दंगों के बारे में कोई सोच भी नहीं सकता और उत्तर प्रदेश अब ‘उपद्रव प्रदेश’ से ‘उत्सव प्रदेश’ बन चुका है।

उन्होंने माफिया के खिलाफ की गई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में माफिया तत्वों की 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, माफियाओं के साम्राज्य को खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई की गई है, जिससे प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है। योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि पुलिसकर्मी कड़ाके की ठंड, भीषण गर्मी और भारी बारिश के दौरान भी सड़कों पर मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने में पुलिस की भूमिका को अहम बताया।

शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति जताई कृतज्ञता

पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस के अमर शहीदों का स्मरण हमें यह एहसास कराता है कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए जवान किस हद तक अपना जीवन समर्पित कर देते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का कर्तव्य केवल अपराध पर नियंत्रण रखना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना बनाए रखना भी है। शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्यनिष्ठा, साहस और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।

ये भी पढ़ें:-‘उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना यूपी’, पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम योगी का बड़ा बयान 

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *