https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

Cyclone Arnab: आंध्र प्रदेश के 10 जिलों में स्कूल बंद, 28 अक्टूबर को तट से टकरा सकता है तूफान, भारी बारिश का अलर्ट

Cyclone Arnab: आंध्र प्रदेश के 10 जिलों में स्कूल बंद, 28 अक्टूबर को तट से टकरा सकता है तूफान, भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अर्नब के कारण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मौसम बिगड़ने की आशंका बढ़ गई है। तूफान के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कई जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है, जबकि मौसम विभाग ने तेज हवाओं और भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। चक्रवात के प्रभाव से निचले इलाकों में जलभराव और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवात कल यानी 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तट के पास पहुंच सकता है। ऐसे में तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने अनुमान

मौसम विभाग के 26 अक्टूबर के बुलेटिन के मुताबिक  बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय चक्रवात अर्नब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में धीरे- धीरे आगे बढ़ रहा था। इसके बाद तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और बापटला तथा विशाखापत्तनम के बीच, यानम के आसपास तट पार करने का अनुमान जताया गया। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, तट पार करते समय चक्रवात के बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि तेज झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। चक्रवात के कारण तटीय आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में लगातार बारिश से सड़कों पर पानी भरने, यातायात बाधित होने और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को परेशानी होने की आशंका है।

आंध्र प्रदेश के 10 जिलों में स्कूलों की छुट्टी

चक्रवात के संभावित खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश के 10 जिलों में स्कूल बंद रखने की घोषणा की गई है। जानकारी के मुताबकि ज्यादातर जिलों में 27 और 28 अक्टूबर को छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, अनाकापल्ली जिले में स्कूलों को 29 अक्टूबर तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के जिन जिलों में स्कूल बंद रखने की सूचना दी गई है, उनमें पूर्वी गोदावरी, काकीनाडा, डॉ. बी.आर. आंबेडकर कोनसीमा, कृष्णा, एनटीआर, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, एलुरु, अनाकापल्ली और पोलावरम शामिल हैं। बता दें कि प्रशासन ने यह फैसला विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। भारी बारिश, तेज हवाओं और जलभराव की आशंका के कारण स्कूल आने-जाने में परेशानी हो सकती है।

कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात अर्नब के संभावित मार्ग और बारिश की आशंका को देखते हुए आंध्र प्रदेश के कई जिलों में मौसम संबंधी चेतावनी जारी की गई है। 28 अक्टूबर के लिए विशाखापत्तनम, अल्लूरी सीताराम राजू, अनाकापल्ली, काकीनाडा, डॉ. बी.आर. आंबेडकर कोनसीमा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, एलुरु, एनटीआर, कृष्णा, गुंटूर और बापटला में अत्यधिक भारी बारिश का खतरा बताया गया है। इसके अलावा, 27 अक्टूबर को काकीनाडा, डॉ. बी.आर. आंबेडकर कोनसीमा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी और एलुरु में भी भारी बारिश को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है।

ओडिशा के तटीय इलाकों में भी सतर्कता

चक्रवात अर्नब के प्रभाव को देखते हुए पड़ोसी राज्य ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में भी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में खराब मौसम और समुद्र में ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है। तूफान के संभावित रास्ते के आसपास रहने वाले लोगों को प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर संवेदनशील और निचले इलाकों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जा सकती है।

लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। समुद्र तटों, नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। बिजली के खंभों और कमजोर पेड़ों के आसपास खड़े होने से बचें।

फिलहाल चक्रवात अर्नब को लेकर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है। तूफान की दिशा, गति और तीव्रता में बदलाव के साथ मौसम संबंधी पूर्वानुमान भी बदल सकते हैं। इसलिए लोगों को IMD के ताजा बुलेटिन और जिला प्रशासन की आधिकारिक घोषणाओं के आधार पर ही आगे की योजना बनानी चाहिए।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *