https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

‘रामायण’ देखकर गदगद हुए करण जौहर, रणबीर कपूर और यश की एक्टिंग ने जीता दिल, जानें कैसी है फिल्म

‘रामायण’ देखकर गदगद हुए करण जौहर, रणबीर कपूर और यश की एक्टिंग ने जीता दिल, जानें कैसी है फिल्म

Ramayana Review: बॉलीवुड की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल ‘रामायण: पार्ट 1’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई थी। जिसके बाद आज 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज हुई इस पौराणिक फिल्म को शुरुआती दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म की भव्यता, विजुअल इफेक्ट्स और कलाकारों के अभिनय की खूब चर्चा हो रही है। इस बीच बॉलीवुड फिल्ममेकर करण जौहर भी फिल्म देखकर काफी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखकर फिल्म की पूरी टीम की तारीफ की है।

करण जौहर ने बताया ‘रामायण’ को चमत्कार

फिल्म देखने के बाद करण जौहर ने इसकी तारीफ करते हुए कहा कि रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों का अहम हिस्सा है। इसे कई पीढ़ियों ने पढ़ा, सुना और अपने जीवन में उतारा है। करण के मुताबिक, इतनी पुरानी और जानी-पहचानी कहानी को नए सिनेमाई अंदाज में पेश करना और दर्शकों को हैरान कर देना किसी चमत्कार से कम नहीं है। उन्होंने फिल्म के कलाकारों, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा समेत पूरी टीम को बधाई दी। करण की इस प्रतिक्रिया के बाद फिल्म को लेकर मनोरंजन जगत में भी चर्चा तेज हो गई है।

रणबीर के राम और यश के रावण की हो रही तारीफ

‘रामायण: पार्ट 1’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रही हैं। वहीं, साउथ सुपरस्टार यश ने रावण की भूमिका निभाई है। रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में हैं।

शुरुआती दर्शक प्रतिक्रियाओं में रणबीर के शांत और मर्यादित अंदाज के साथ यश के दमदार व्यक्तित्व की चर्चा हो रही है। कई दर्शकों ने यश के रावण वाले किरदार को फिल्म का बड़ा आकर्षण बताया है। इसके अलावा जटायु और रावण के बीच का एक्शन सीक्वेंस भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है। हालांकि, फिल्म को लेकर सभी प्रतिक्रियाएं एक जैसी नहीं हैं। कुछ दर्शकों ने इसकी लंबी अवधि और कहानी की रफ्तार पर सवाल उठाए हैं। वहीं, कुछ लोगों को राम और सीता के बीच भावनात्मक जुड़ाव उम्मीद के मुताबिक मजबूत नहीं लगा।

मुकेश छाबड़ा ने भी की फिल्म की तारीफ

फिल्म की रिलीज से पहले और शुरुआती स्क्रीनिंग के बाद कई फिल्मी हस्तियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफ करते हुए इसे बेहद खूबसूरत अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म में जो जादू रचा गया है, वह हैरान करने वाला है। उनके मुताबिक, फिल्म देखकर दर्शकों को खुशी और गर्व महसूस होगा। वहीं, शुरुआती रिस्पॉन्स में फिल्म के शानदार विजुअल्स, प्रोडक्शन डिजाइन और जटायु वाले सीक्वेंस को खास तौर पर सराहा गया है।

3 घंटे 15 मिनट की है ‘रामायण: पार्ट 1’

बता दें कि फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से U सर्टिफिकेट मिला है। इसकी कुल अवधि 3 घंटे 15 मिनट है। खास बात यह है कि फिल्म को बिना किसी कट के सर्टिफिकेट दिया गया है। इस वजह से इसे परिवार के साथ देखने वाली फिल्म के तौर पर भी पेश किया जा रहा है। फिल्म का संगीत एआर रहमान और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हंस जिमर ने तैयार किया है। दोनों दिग्गज संगीतकारों का एक साथ काम करना भी इस प्रोजेक्ट की बड़ी खासियत है। वहीं, इसके विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता VFX कंपनी DNEG ने संभाली है।

दिवाली 2028 में आएगा ‘रामायण’ का दूसरा पार्ट

फिल्म के पहले हिस्से की रिलीज के साथ ही इसके दूसरे भाग को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है। निर्माता नमित मल्होत्रा ने पुष्टि की है कि ‘रामायण: पार्ट 2’ अब दिवाली 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले दूसरे पार्ट को दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना थी।

मेकर्स ने फिल्म के दूसरे हिस्से के लिए अतिरिक्त समय लेने का फैसला किया है, ताकि कहानी को बड़े स्तर पर पर्दे पर उतारा जा सके। नमित मल्होत्रा ने यह भी संकेत दिया है कि दर्शकों की प्रतिक्रिया और कहानी की जरूरत के मुताबिक फिल्म को भविष्य में तीन हिस्सों में बनाने की संभावना पर विचार किया जा सकता है। फिलहाल पहले पार्ट की रिलीज के बाद दर्शकों की प्रतिक्रियाओं पर सबकी नजरें टिकी हैं। अब आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की यह पौराणिक महागाथा बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा रिकॉर्ड बना पाती है।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *