https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

छठी मैया का प्रिय प्रसाद ठेकुआ क्यों है इतना खास? जानिए धार्मिक महत्व से लेकर बनाने की पारंपरिक रेसिपी तक

छठी मैया का प्रिय प्रसाद ठेकुआ क्यों है इतना खास? जानिए धार्मिक महत्व से लेकर बनाने की पारंपरिक रेसिपी तक

Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत आज नहाय-खाय के साथ हो गई है। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में छठी मैया की भक्ति और सूर्य उपासना की छटा देखने को मिल रही है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती पूरे नियम, निष्ठा और पवित्रता के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। छठ पूजा में जहां सूर्य देव को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है, वहीं इस दौरान तैयार किए जाने वाले पारंपरिक प्रसाद भी इस पर्व की पहचान हैं।

इन्हीं प्रसादों में एक नाम सबसे खास है और वह है ठेकुआ। गेहूं के आटे, गुड़ और शुद्ध देसी घी से तैयार होने वाला ठेकुआ छठ पूजा का प्रमुख प्रसाद माना जाता है। इसकी खुशबू और स्वाद के बिना छठ का त्योहार अधूरा-सा लगता है। घरों में महिलाएं और परिवार के अन्य सदस्य मिलकर इसे पूरी श्रद्धा और साफ-सफाई के साथ तैयार करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर छठ पूजा में ठेकुआ ही क्यों चढ़ाया जाता है? इसके पीछे क्या मान्यता है और इसे घर पर पारंपरिक तरीके से कैसे बनाया जाता है? आइए जानते हैं।

छठ पूजा में ठेकुआ चढ़ाने की क्या है मान्यता?

छठ पूजा में ठेकुआ का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इसे सूर्य देव और छठी मैया को मुख्य प्रसाद के रूप में अर्पित किया जाता है। मान्यता है कि गेहूं, गुड़ और घी से बना यह प्रसाद शुद्धता, समृद्धि और ऊर्जा का प्रतीक है।

छठ पूजा में पवित्रता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखा जाता है। यही वजह है कि ठेकुआ बाजार से खरीदने के बजाय अधिकतर लोग घरों में ही पारंपरिक तरीके से तैयार करते है। इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी सामान्य और प्राकृतिक होती है। जिसमें गुड़ मिठास का प्रतीक है, जबकि गेहूं और घी को पोषण एवं समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। ठेकुआ की एक खास बात यह भी है कि इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है। यही वजह है कि इसे छठ पूजा के दौरान प्रसाद के रूप में चढ़ाने के साथ परिवार और रिश्तेदारों में भी बांटा जाता है।

अगर आप भी इस छठ पूजा पर घर में पारंपरिक ठेकुआ बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं है। इसे आसानी से घर में मौजूद चीजों से तैयार किया जा सकता है।

सामग्री:

गेहूं का आटा – 2 कप

गुड़ – 1 कप

देसी घी – 4 से 5 चम्मच

सौंफ – 1 छोटा चम्मच

इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच

सूखा नारियल – 2 से 3 चम्मच

पानी – जरूरत के अनुसार

तलने के लिए घी या तेल

घर पर ऐसे बनाएं छठी मैया का प्रिय ठेकुआ

गुड़ का पानी तैयार करें

सबसे पहले एक साफ बर्तन में गुड़ और थोड़ा पानी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें। जब गुड़ पूरी तरह पिघल जाए तो गैस बंद कर दें। इसके बाद इसे ठंडा होने के लिए रख दें। ध्यान रखें कि गुड़ की चाशनी तैयार नहीं करनी है, बल्कि केवल गुड़ को पानी में घोलना है।

आटे में मिलाएं मसाले और घी

अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें सौंफ, इलायची पाउडर और कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल डालें। इसके बाद देसी घी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण को हाथ में दबाकर देखें। अगर यह मुट्ठी में बंधने लगे तो समझ लें कि घी की मात्रा सही है।

गूंथ लें सख्त आटा

अब तैयार गुड़ के पानी को थोड़ा-थोड़ा करके आटे में मिलाएं और सख्त आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा ज्यादा नरम न हो, वरना ठेकुआ तलते समय अपना आकार खो सकता है। आटा तैयार होने के बाद इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें।

 

ठेकुआ को दें पारंपरिक आकार

इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। अब इन्हें लकड़ी के पारंपरिक सांचे पर दबाकर ठेकुआ का आकार दें। अगर आपके पास सांचा नहीं है तो हाथ या कांटे की मदद से भी इस पर सुंदर डिजाइन बना सकते हैं।

सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें

अब एक कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। इसमें तैयार ठेकुआ डालकर धीमी से मध्यम आंच पर तलें। इन्हें बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि दोनों तरफ से अच्छी तरह पक जाएं। जब ठेकुआ सुनहरे भूरे रंग के और कुरकुरे हो जाएं तो इन्हें निकाल लें।

ठेकुआ को लंबे समय तक कुरकुरा कैसे रखें?

ठेकुआ तलने के बाद सबसे जरूरी है कि इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें। गर्म ठेकुआ को तुरंत डिब्बे में रखने से उनमें नमी आ सकती है और उनका कुरकुरापन कम हो सकता है। ठंडा होने के बाद इन्हें साफ और पूरी तरह सूखे एयरटाइट डिब्बे में रखें। इस तरह घर पर तैयार आपका पारंपरिक ठेकुआ छठ पूजा के प्रसाद के लिए तैयार हो जाएगा। छठी मैया और सूर्य देव को श्रद्धापूर्वक अर्पित किया जाने वाला यह प्रसाद न केवल स्वाद से जुड़ा है, बल्कि बिहार और पूर्वांचल की लोक संस्कृति, पारिवारिक परंपराओं और आस्था की भी खास पहचान है।

 ये भी पढ़ें:- कल से शुरू होगा चार दिवसीय महापर्व छठ, जानें नहाय-खाय से पारण तक की पूरी तारीखें

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *