Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत आज नहाय-खाय के साथ हो गई है। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में छठी मैया की भक्ति और सूर्य उपासना की छटा देखने को मिल रही है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती पूरे नियम, निष्ठा और पवित्रता के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। छठ पूजा में जहां सूर्य देव को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है, वहीं इस दौरान तैयार किए जाने वाले पारंपरिक प्रसाद भी इस पर्व की पहचान हैं।

इन्हीं प्रसादों में एक नाम सबसे खास है और वह है ठेकुआ। गेहूं के आटे, गुड़ और शुद्ध देसी घी से तैयार होने वाला ठेकुआ छठ पूजा का प्रमुख प्रसाद माना जाता है। इसकी खुशबू और स्वाद के बिना छठ का त्योहार अधूरा-सा लगता है। घरों में महिलाएं और परिवार के अन्य सदस्य मिलकर इसे पूरी श्रद्धा और साफ-सफाई के साथ तैयार करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर छठ पूजा में ठेकुआ ही क्यों चढ़ाया जाता है? इसके पीछे क्या मान्यता है और इसे घर पर पारंपरिक तरीके से कैसे बनाया जाता है? आइए जानते हैं।
छठ पूजा में ठेकुआ चढ़ाने की क्या है मान्यता?
छठ पूजा में ठेकुआ का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इसे सूर्य देव और छठी मैया को मुख्य प्रसाद के रूप में अर्पित किया जाता है। मान्यता है कि गेहूं, गुड़ और घी से बना यह प्रसाद शुद्धता, समृद्धि और ऊर्जा का प्रतीक है।

छठ पूजा में पवित्रता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखा जाता है। यही वजह है कि ठेकुआ बाजार से खरीदने के बजाय अधिकतर लोग घरों में ही पारंपरिक तरीके से तैयार करते है। इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी सामान्य और प्राकृतिक होती है। जिसमें गुड़ मिठास का प्रतीक है, जबकि गेहूं और घी को पोषण एवं समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। ठेकुआ की एक खास बात यह भी है कि इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है। यही वजह है कि इसे छठ पूजा के दौरान प्रसाद के रूप में चढ़ाने के साथ परिवार और रिश्तेदारों में भी बांटा जाता है।
अगर आप भी इस छठ पूजा पर घर में पारंपरिक ठेकुआ बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं है। इसे आसानी से घर में मौजूद चीजों से तैयार किया जा सकता है।

सामग्री:
गेहूं का आटा – 2 कप
गुड़ – 1 कप
देसी घी – 4 से 5 चम्मच
सौंफ – 1 छोटा चम्मच
इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
सूखा नारियल – 2 से 3 चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार
तलने के लिए घी या तेल
घर पर ऐसे बनाएं छठी मैया का प्रिय ठेकुआ
गुड़ का पानी तैयार करें
सबसे पहले एक साफ बर्तन में गुड़ और थोड़ा पानी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें। जब गुड़ पूरी तरह पिघल जाए तो गैस बंद कर दें। इसके बाद इसे ठंडा होने के लिए रख दें। ध्यान रखें कि गुड़ की चाशनी तैयार नहीं करनी है, बल्कि केवल गुड़ को पानी में घोलना है।
आटे में मिलाएं मसाले और घी
अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें सौंफ, इलायची पाउडर और कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल डालें। इसके बाद देसी घी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण को हाथ में दबाकर देखें। अगर यह मुट्ठी में बंधने लगे तो समझ लें कि घी की मात्रा सही है।
गूंथ लें सख्त आटा
अब तैयार गुड़ के पानी को थोड़ा-थोड़ा करके आटे में मिलाएं और सख्त आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा ज्यादा नरम न हो, वरना ठेकुआ तलते समय अपना आकार खो सकता है। आटा तैयार होने के बाद इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें।


