एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 192 रन ही बना सकी। इस तरह श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान को मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम भी एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुकी है।

वैभव की तेज शुरुआत, फिर सैमसन भी लौटे
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की। वैभव ने आते ही आक्रामक अंदाज दिखाया और दो छक्के लगाए, लेकिन उनकी पारी ज्यादा देर नहीं चल सकी। और वह 9 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद संजू सैमसन बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन वह भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। सैमसन 4 गेंदों में सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों के बावजूद अभिषेक शर्मा एक छोर पर डटे रहे और उन्होंने पाकिस्तान के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
अभिषेक शर्मा ने बरपाया बल्ले से कहर
अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर अपने आक्रामक अंदाज का प्रदर्शन किया। उन्होंने महज 28 गेंदों में 61 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा अभिषेक ने सिर्फ 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। अभिषेक ने पाकिस्तानी स्पिनरों को भी निशाने पर लिया और मैदान के चारों ओर बड़े शॉट लगाए। हालांकि, उनकी इस तूफानी पारी का अंत आठवें ओवर में हुआ। और वह अराफात मिन्हास की गेंद पर वह स्टंप आउट हो गए। आउट होने से पहले अभिषेक ने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की।
अय्यर और ईशान के आउट होने से धीमी हुई रफ्तार
अभिषेक के आउट होने के बाद भारतीय पारी की गति कुछ धीमी पड़ गई। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों में 21 रन बनाए। वह तेजी से रन बनाने की कोशिश में अबरार अहमद का शिकार बने। अय्यर के आउट होने के समय भारत का स्कोर 133 रन था। वहीं ईशान किशन ने 18 गेंदों में 20 रन की पारी खेली, जिसमें तीन चौके शामिल रहे। उन्होंने अय्यर के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन जोड़े।

आखिरी चार ओवर में मचा धमाल
भारत की पारी के आखिरी चार ओवर पूरी तरह तिलक वर्मा और शिवम दुबे के नाम रहे। दोनों बल्लेबाजों ने गियर बदला और पाकिस्तान के गेंदबाजों पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। तिलक वर्मा ने महज 22 गेंदों में नाबाद 51 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए। दूसरी ओर शिवम दुबे ने 15 गेंदों में 27 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। दोनों ने छठे विकेट के लिए सिर्फ 30 गेंदों में 62 रन की साझेदारी की। दानियाल ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर शिवम दुबे को आउट किया, लेकिन तब तक भारतीय टीम मजबूत स्कोर तक पहुंच चुकी थी। भारत ने आखिरी चार ओवर में 69 रन बटोरे और 20 ओवर में 211/6 का स्कोर खड़ा कर दिया।
पाकिस्तान की शुरुआत से ही बिगड़ी लय
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी खराब रही। कप्तान साहिबजादा फरहान 11 गेंदों में सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद उस्मान खान भी 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। माज सदाकत ने 18 गेंदों में 23 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी अपनी पारी को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। इसके बाद हसन नवाज और सैम अयूब ने पाकिस्तान की पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच साझेदारी जरूर बनी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने रनगति पर लगातार शिकंजा कसे रखा। पाकिस्तान को लगातार बड़े शॉट की जरूरत थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। आखिरकार पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 12 रन ही बना सकी। भारत ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम कर लिया और एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीत लिया।
पुरुषों से पहले महिलाओं ने भी रचा इतिहास
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट के लिए यह जीत खास रही। भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तान को फाइनल में हराकर गोल्ड मेडल जीता, जबकि इससे पहले भारतीय महिला टीम भी स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुकी है। इस तरह भारत ने एशियन गेम्स के क्रिकेट में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में गोल्ड जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। भारत और पाकिस्तान पहली बार एशियन गेम्स के क्रिकेट फाइनल में आमने-सामने हैं। भारत इससे पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में पहुंचा था, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाई।

