https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

भूटान की ग्लेशियर झील फटने से भारत में बाढ़ का खतरा, बंगाल-असम में अलर्ट जारी

भूटान की ग्लेशियर झील फटने से भारत में बाढ़ का खतरा, बंगाल-असम में अलर्ट जारी

Bhutan Glacial Lake Burst: भूटान में ग्लेशियर झील फटने के बाद निकला पानी अब भारत के सीमावर्ती इलाकों के लिए चिंता का कारण बन गया है। क्योंकि नदियों के रास्ते आने वाला बाढ़ का पानी असम और पश्चिम बंगाल तक पहुंचने की आशंका है। हालात को देखते हुए दोनों राज्यों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है और प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दरअसल, गुरुवार (29 अक्टूबर 2026) देर रात करीब 8 बजे भूटान के लेमथांग इलाके में शिंताफू ग्लेशियर झील फट गई। इसके बाद झील से पानी का तेज बहाव निचले इलाकों की ओर बढ़ने लगा। इस प्राकृतिक आपदा से भूटान में भी भारी नुकसान हुआ है। पानी के तेज बहाव में गासा त्शाचु (Gasa Tshachu) नाम का मशहूर गर्म पानी का कुंड बह गया। इसके अलावा पुनाखा-गासा हाईवे का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते यातायात प्रभावित हुआ।

भारत के सीमावर्ती इलाकों में क्यों बढ़ा बाढ़ का खतरा?

भूटान में ग्लेशियर झील फटने के बाद सबसे बड़ी चिंता संकोश नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर है। क्योंकि झील से निकला पानी नदियों के रास्ते भारत की ओर बढ़ सकता है। ऐसे में पश्चिम बंगाल और असम के निचले इलाकों में अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई जा रही है।

दरअसल, शिंताफू ग्लेशियर झील से निकला पानी सबसे पहले भूटान की मो छू नदी को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा आगे चलकर मो छू और फो छू नदियां मिलकर पुनात्सांगछू नदी बनाती हैं। यह नदी दक्षिण दिशा में बहते हुए भारत में प्रवेश करती है। जिसके भारतीय क्षेत्र में संकोश नदी के नाम से जाना जाता है। और संकोश नदी पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी के आसपास के क्षेत्रों से गुजरती है। इसके अलावा असम के कोकराझार और धुबरी जिले के निचले इलाकों में भी बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है। आगे चलकर यह नदी ब्रह्मपुत्र में मिल जाती है। ऐसे में भूटान से आने वाला अतिरिक्त पानी नदी के पूरे जल प्रवाह क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।

असम के मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

भूटान में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) की घटना के बाद असम सरकार ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

इसके साथ ही धुबरी जिले के जिलाधिकारी को मौके पर मौजूद रहने और निचले इलाकों में संभावित बाढ़ से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, दार्जिलिंग से बीजेपी सांसद राजू बिष्ट ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लोगों को सावधान किया है। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने की अपील की।

बंगाल और असम के कई जिलों में अलर्ट

बता दें कि नदियों में पानी का स्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए पश्चिम बंगाल और असम के कई जिलों को सतर्क कर दिया गया है। क्योंकि असम के धुबरी और कोकराझार के अलावा पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिले संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल हैं। कूच बिहार में भी संकोश नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। इसके अलावा NDRF, SDRF और स्थानीय आपदा प्रबंधन की टीमें भी तैनात हैं।

आखिर क्या होता है ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड ?  

ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड यानी GLOF एक प्राकृतिक आपदा है, जिसमें ग्लेशियर के पास बनी झील का पानी अचानक बाहर निकलकर तेज बहाव के साथ निचले इलाकों की ओर बढ़ने लगता है। आमतौर पर ग्लेशियरों के पिघलने और पीछे हटने के कारण उनके आसपास पानी जमा होने लगता है। धीरे-धीरे यह पानी बड़ी झील का रूप ले लेता है।

इन झीलों को रोकने के लिए अक्सर बर्फ, चट्टानों और मिट्टी से बने प्राकृतिक बांध होते हैं। जब किसी कारण से ये बांध टूट जाते हैं, तो झील का पानी बेहद तेज गति से नीचे की ओर बहने लगता है। इससे रास्ते में आने वाले गांवों, सड़कों, पुलों और अन्य निर्माणों को भारी नुकसान पहुंच सकता है। फिलहाल भूटान में ग्लेशियर झील फटने के बाद भारत के सीमावर्ती राज्यों में प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित रखना है। असम और पश्चिम बंगाल में राहत एवं बचाव दलों की तैनाती के साथ नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *