Lakhisarai Stampede: बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के मौके पर बड़ा हादसा हो गया। सोमवार (17 अगस्त 2026) सुबह पूजा और जलाभिषेक के लिए मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत की खबर है, जबकि कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
दो ट्रेनों के पहुंचने के बाद बढ़ी भीड़
प्रशासन के अनुसार, सुबह करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच दो ट्रेनें स्टेशन पर पहुंचीं। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर की ओर आने लगे और पहले से मौजूद भीड़ में अचानक लोगों की संख्या बढ़ने से प्रशासन के लिए भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। जिलाधिकारी का कहना है कि एक तरफ खेत की ओर से भी श्रद्धालुओं की भीड़ आगे बढ़ रही थी। इसी दबाव के कारण बैरिकेडिंग टूट गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। इससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई।
बिजली के खंभे टूटने की भी बात सामने आई
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मंदिर परिसर के पास बिजली का खंभा गिरने या तार टूटने की बात भी सामने आई है। जिससे पूजा के दौरान लोगों के बीच करंट फैलने की अफवाह फैल गई। इसके बाद श्रद्धालु घबराकर इधर-उधर भागने लगे। वहीं इस भगदड़ में करीब 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 10 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।
राहत और बचाव कार्य जारी
भगदड़ की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से दबे हुए श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस की मदद से स्थानीय अस्पतालों में पहुंचाया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा अशोक धाम मंदिर के लिए रवाना हुए। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अशोक धाम मंदिर में भगदड़ की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से भीड़ में फंसे और दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी अशोक धाम मंदिर के लिए रवाना हुए। वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सावन और नाग पंचमी के कारण जुटी थी भीड़
बता दें कि अशोक धाम मंदिर लखीसराय का प्रमुख धार्मिक स्थल माना जाता है। सावन के महीने में यहां भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार सावन के तीसरे सोमवार के साथ नाग पंचमी का अवसर होने के कारण मंदिर में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक भीड़ जुटी थी। फिलहाल, प्रशासन हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रहा है। भगदड़ की सही वजह और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जांच के बाद और स्पष्ट हों सकेंगी।