https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

SIR विवाद पर CM योगी ने विपक्ष को घेरा, बोले- ‘बाल की खाल उधेड़ रही हैं सपा-कांग्रेस’, देश से मांगे माफी

SIR विवाद पर CM योगी ने विपक्ष को घेरा, बोले- ‘बाल की खाल उधेड़ रही हैं सपा-कांग्रेस’, देश से मांगे माफी

देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। बिहार और पश्चिम बंगाल में SIR की प्रक्रिया को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्टों के बाद कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने सवाल खड़े किए हैं। हालांकि चुनाव आयोग ने SIR समेत अपने फैसलों पर सफाई देते हुए इसे तीनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिया गया फैसला बताया है।

अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे विवाद पर कांग्रेस और विपक्षी दलों को निशाने पर लिया है। रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम योगी ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है और देश में पहले भी अलग-अलग समय पर इसका इस्तेमाल हो चुका है।

कांग्रेस-विपक्ष पर बरसे सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ अपनी प्रेस कॉंन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों का नजरिया हमेशा से देश की संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाने वाला रहा है। ये लोग उन सभी गतिविधियों का हिस्सा रहे हैं, जिनसे लोकतंत्र को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने आगे कहा कि देश के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और यूपीए से जुड़े अन्य दलों की वर्तमान हरकतें और बयानबाजी गैर-जिम्मेदाराना हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाने वाली हैं।

‘SIR पहली बार नहीं हो रहा’

SIR को लेकर विपक्ष के सवालों पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब देश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया हो रही है। बल्कि इससे पहले भी 1952, 1957, 1961,1965-66 और 2003 में SIR की कार्रवाई हो चुकी है। सीएम योगी ने कहा कि इसके बावजूद इस बार कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आरजेडी और अन्य दलों की ओर से जिस तरह SIR को लेकर हंगामा किया जा रहा है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है।

‘बाल की खाल उधेड़ रही हैं सपा-कांग्रेस’

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से SIR को लेकर स्थिति पहले ही स्पष्ट की जा चुकी है। उनके मुताबिक, जो मतदाता छूट गए हैं, उन्हें फॉर्म भरने की पूरी छूट दी गई है। फॉर्म-6 को लेकर भी उन्होंने चुनाव आयोग की कार्रवाई का हवाला दिया। योगी ने कहा कि इसके बावजूद चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त को कटघरे में खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस SIR के मुद्दे पर ‘बाल की खाल उधेड़ने’ की कोशिश कर रही हैं।

ये भी पढ़ें:- पीएम मोदी से मिलने दिल्ली पहुंचे CM योगी, करीब एक घंटे की बैठक में राज्यसभा चुनाव से लेकर 2027 की रणनीति तक पर चर्चा!

‘संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना गलत’

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम योगी ने यह भी कहा कि हर संवैधानिक संस्था को कटघरे में खड़ा करके दुनिया में भारत की बदनामी करने और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में शुरुआत से ही हर वयस्क नागरिक को मतदान की स्वतंत्रता दी गई है और जाति, भाषा या क्षेत्र के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया गया है। योगी ने कहा कि ऐसी पारदर्शी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सवालों के घेरे में लाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाला है।

‘कांग्रेस और सहयोगी दल देश से माफी मांगें’

सीएम योगी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों से अपने रुख को लेकर देशवासियों से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की इस तरह की बयानबाजी लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति भरोसे को प्रभावित करती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान योगी ने विपक्ष पर केवल SIR ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सेना के शौर्य पर सवाल खड़ा करना कहां की देशभक्ति है। इसके लिए कांग्रेस और सपा देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही हम कांग्रेस और सहयोगी दलों के इस कृत्य की निंदा भी करते हैं।

ये भी पढ़ें:- यूपी में 3,587 शिक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र, CM योगी बोले- शिक्षक छात्रों को सिर्फ पढ़ाएं नहीं, बल्कि दिशा भी दें

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *