https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले अलर्ट, रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशनों पर लगेंगी पाबंदियां! कई ट्रेनें भी रद्द, देखें पूरी लिस्ट

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले अलर्ट, रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशनों पर लगेंगी पाबंदियां! कई ट्रेनें भी रद्द, देखें पूरी लिस्ट

Delhi Metro Update: दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले राजधानी की रफ्तार पर असर पड़ने की आशंका है। जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और अन्य संगठनों के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी बीच दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद करने का फैसला सामने आया है। इसके अलावा, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को भी रद्द किया गया है। ऐसे में दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले मेट्रो और ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांचनी चाहिए।

रात 9 बजे से बंद होंगे 57 मेट्रो स्टेशनों के गेट

दरअसल, 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने मेट्रो यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए DMRC को पत्र लिखकर राजधानी के 57 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का सुझाव दिया है। इसके साथ ही, इन स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेनों की संख्या घटाने का भी प्रस्ताव रखा गया है। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान यात्रियों को एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन में जाने के लिए इंटरचेंज की सुविधा मिल सकती है। हालांकि, स्टेशनों पर पाबंदियां लागू करने और मेट्रो सेवाओं में बदलाव को लेकर अंतिम निर्णय DMRC ही लेगा।

किन प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर पड़ेगा असर?

प्रभावित स्टेशनों में दिल्ली के कई प्रमुख और व्यस्त मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, नई दिल्ली, मंडी हाउस, बाराखंबा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, लोक कल्याण मार्ग, सेवा तीर्थ/उद्योग भवन, आर.के. आश्रम मार्ग, आईएनए, हौज खास, कश्मीरी गेट, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, लाजपत नगर और सुप्रीम कोर्ट जैसे स्टेशन शामिल बताए गए हैं।

इसके अलावा, विश्वविद्यालय, सिविल लाइंस, विधानसभा, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस, इंद्रप्रस्थ, जंगपुरा, आश्रम, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओखला विहार, कालिंदी कुंज, सराय काले खां-निजामुद्दीन, आजादपुर, मजलिस पार्क, शालीमार बाग, शाहदरा, सीलमपुर, मौजपुर और वेलकम जैसे स्टेशनों पर भी यात्रियों को यात्रा से पहले स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए।

उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रिठाला, रोहिणी ईस्ट, रोहिणी वेस्ट, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़, नेताजी सुभाष प्लेस, इंद्रलोक और जीटीबी नगर जैसे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखनी चाहिए।

दिल्ली पुलिस ने CJP के प्रदर्शन को अनुमति देने से किया इनकार

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित CJP प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस ने 9 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रदर्शन की जानकारी देने वाला पत्र 7 अक्टूबर को मिला था, जबकि अनुमति के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत पहले आवेदन करना जरूरी था। पुलिस ने यह भी कहा कि पहले हुए प्रदर्शनों के दौरान नियमों और निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया गया था। इसी आधार पर इस बार अनुमति नहीं देने का फैसला लिया गया। नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली कई ट्रेनें रद्द

बता दें कि मेट्रो के अलावा, रेलवे यात्रियों के लिए भी अहम अपडेट सामने आया है। रेलवे के आदेश के मुताबिक, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली और शनिवार 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच इन दोनों स्टेशनों पर पहुंचने वाली संबंधित ट्रेनें अपने शुरुआती स्टेशन से ही रद्द रहेंगी। रेलवे ने यह कदम दोनों स्टेशनों के आसपास संभावित भारी सड़क यातायात और भीड़ की आशंका को देखते हुए उठाया है।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *