MI Head Coach: आईपीएल 2027 से पहले पांच बार की चैंपियन रही मुंबई इंडियंस ने अपनी कोचिंग व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। फ्रेंचाइजी ने वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। 24 अक्टूबर 2026 को हुई इस घोषणा के साथ ही पोलार्ड के मुंबई इंडियंस से जुड़े 16 साल से अधिक लंबे सफर में एक नया अध्याय जुड़ गया है। वह महेला जयवर्धने की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे, जिन्होंने हाल ही में मुख्य कोच का पद छोड़ने का ऐलान किया था।

पोलार्ड इससे पहले मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच के रूप में काम कर रहे थे। अब टीम प्रबंधन ने उनके अनुभव और फ्रेंचाइजी के साथ लंबे जुड़ाव को देखते हुए उन्हें मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी है। इस बदलाव के बाद टीम की नजर आगामी सीजन में बेहतर प्रदर्शन करने और एक बार फिर आईपीएल का खिताब जीतने पर होगी।
16 साल से मुंबई इंडियंस से जुड़े हैं पोलार्ड
कीरोन पोलार्ड का मुंबई इंडियंस के साथ रिश्ता साल 2010 में शुरू हुआ था। उन्होंने अपने आईपीएल करियर के दौरान इसी फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया और टीम की कई बड़ी सफलताओं में अहम भूमिका निभाई। मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, लंबे छक्कों और उपयोगी गेंदबाजी के लिए पहचाने जाने वाले पोलार्ड टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शूमार रहे हैं।
आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए उन्होंने कुल 189 मुकाबले खेले। इस दौरान उनके बल्ले से 3,412 रन निकले, जबकि गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 69 विकेट भी हासिल किए। वह उन पांचों सीजन में मुंबई की टीम का हिस्सा रहे, जब फ्रेंचाइजी ने आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी। मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीते थे। साल 2022 में आईपीएल से बतौर खिलाड़ी विदाई लेने के बाद भी पोलार्ड का मुंबई इंडियंस से जुड़ाव खत्म नहीं हुआ। उन्होंने टीम के बल्लेबाजी कोच की भूमिका संभाली और खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा करते रहे। अब मुख्य कोच बनने के बाद उनकी जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।
Mumbai Indians elevate Kieron Pollard as Head Coach
A defining figure in MI’s success, the remarkable 16-year association of Kieron Pollard within the #OneFamily enters a new chapter.
Read more – https://t.co/ORZz4gruIr https://t.co/BMI38BYH1f
— Mumbai Indians (@mipaltan) October 24, 2026
हेड कोच बनने पर क्या बोले कीरोन पोलार्ड?
मुंबई इंडियंस का मुख्य कोच बनाए जाने पर पोलार्ड ने खुशी जाहिर की और इसे अपने लिए सम्मान की बात बताया। उन्होंने कहा कि यह टीम उनके जीवन और क्रिकेट करियर का अहम हिस्सा रही है। फ्रेंचाइजी, खिलाड़ियों और प्रशंसकों के साथ उनका रिश्ता उनके लिए बेहद खास है।
पोलार्ड के मुताबिक, खिलाड़ी और फिर कोच के रूप में मुंबई इंडियंस के साथ काम करने से उन्हें टीम की संस्कृति और उसकी अपेक्षाओं को करीब से समझने का अवसर मिला है। उन्होंने टीम प्रबंधन, नीता अंबानी, आकाश अंबानी और पूरी मुंबई इंडियंस फैमिली का भरोसा जताने के लिए आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने आगे कहा कि वह खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के साथ मिलकर टीम की विरासत को आगे बढ़ाना चाहते हैं। उनका लक्ष्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर बनाने, टीम की ताकत को मजबूत करने और प्रशंसकों को जश्न मनाने के नए मौके देने पर रहेगा।
नीता अंबानी ने पोलार्ड को लेकर क्या कहा?
मुंबई इंडियंस की सह-मालकिन नीता अंबानी ने पोलार्ड की नियुक्ति पर खुशी जताई हैं। उन्होंने बताया कि पोलार्ड जब 22 साल की उम्र में टीम से जुड़े थे, तब से लेकर अब तक वह फ्रेंचाइजी परिवार के महत्वपूर्ण सदस्य बने हुए हैं। नीता अंबानी के अनुसार, खिलाड़ी के तौर पर पोलार्ड ने टीम को कई यादगार जीत और शानदार पल दिए। वहीं, कोच के रूप में उन्होंने अपना अनुभव, जुनून और क्रिकेट की समझ खिलाड़ियों के साथ साझा की है। उन्होंने भरोसा जताया कि नई भूमिका में भी पोलार्ड उसी समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम करेंगे, जिसके लिए वह जाने जाते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पोलार्ड मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनने के महत्व और टीम के लिए खेलने के लिए जरूरी मानसिकता को अच्छी तरह समझते हैं। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि उनका अनुभव टीम को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में मदद करेगा।
महेला जयवर्धने के कार्यकाल में मुंबई ने जीते 3 खिताब
बता दें कि महेला जयवर्धने का मुंबई इंडियंस के साथ बतौर मुख्य कोच लंबा जुड़ाव रहा। उन्होंने 2017 से 2022 तक टीम की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में मुंबई इंडियंस ने 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल ट्रॉफी जीती। इसके बाद वह 2024 में दोबारा मुख्य कोच की भूमिका में लौटे और 2026 तक इस पद पर रहे। अब जयवर्धने के जाने के बाद फ्रेंचाइजी ने पोलार्ड पर भरोसा जताया है। टीम के सामने नई कोचिंग व्यवस्था के तहत खिलाड़ियों को एकजुट रखने, रणनीतियों को बेहतर बनाने और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।


