https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

ईरान के केशम द्वीप पर जोरदार धमाके, अमेरिकी हवाई हमले का दावा, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ा तनाव

ईरान के केशम द्वीप पर जोरदार धमाके, अमेरिकी हवाई हमले का दावा, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ा तनाव

Iran-US Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। फारस की खाड़ी में स्थित ईरान के रणनीतिक केशम द्वीप पर कई जोरदार धमाकों की खबर सामने आई है। अमेरिकी अखबार ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने द्वीप पर सीमित हवाई हमले किए हैं। हालांकि, ईरानी मीडिया ने इन धमाकों के पीछे अमेरिका या इजरायल का हाथ होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब वाशिंगटन और तेहरान के बीच कूटनीतिक बातचीत को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। वहीं, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान के खिलाफ नए सिरे से सैन्य कार्रवाई पर विचार करने का आग्रह कर चुके हैं। ऐसे में केशम द्वीप पर हुए धमाकों ने पश्चिम एशिया में सैन्य टकराव की आशंकाओं को फिर बढ़ा दिया है।

ईरानी सरकारी मीडिया आउटलेट IRNA के मुताबिक, सोमवार को केशम द्वीप पर कम से कम पांच जोरदार विस्फोट सुने गए। इसके अलावा बंदर लेंगेह शहर में भी धमाकों की खबर सामने आई। दूसरी ओर, अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से इन घटनाओं को अमेरिका के सीमित सैन्य अभियानों से जोड़ा गया है।

गुप्त तरीके से की गई सैन्य कार्रवाई का दावा

‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के अनुसार, केशम द्वीप पर की गई कार्रवाई को बेहद सीमित और गोपनीय रखा गया था। इसका मकसद ईरान के खिलाफ किसी बड़े सैन्य अभियान की शुरुआत का संकेत दिए बिना रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाना था। रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि यह कार्रवाई पिछले कुछ हफ्तों से जारी सीमित सैन्य अभियानों का हिस्सा थी। हालांकि, हमले के सटीक ठिकानों और नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, ईरानी मीडिया ने दो अमेरिकी MQ-170 जासूसी ड्रोन मार गिराने का दावा किया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

नेतन्याहू और ट्रंप के बीच हुई थी फोन पर बातचीत

केशम द्वीप पर धमाकों से पहले अमेरिका और इजरायल के बीच ईरान को लेकर बातचीत भी चर्चा में रही। एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने ईरान के साथ चल रही कूटनीतिक बातचीत और संभावित सैन्य कार्रवाई के विकल्पों पर चर्चा की। नेतन्याहू ने कथित तौर पर ट्रंप से अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान के खिलाफ नए सैन्य अभियान पर विचार करने का आग्रह किया था। हालांकि, जब ट्रंप से चुनाव के बाद ईरान पर हमला करने की योजना को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इससे इनकार किया था। इसके बावजूद चुनाव से ठीक पहले केशम द्वीप पर धमाकों की खबर सामने आने से अमेरिकी रणनीति को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।

केशम द्वीप क्यों है अमेरिका और ईरान के लिए अहम?

ईरान का केशम द्वीप करीब 1,445 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। यह देश का सबसे बड़ा द्वीप है और होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश द्वार के पास स्थित होने के कारण सैन्य और आर्थिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

इस द्वीप की रणनीतिक अहमियत की तीन प्रमुख वजहें हैं।

भूमिगत सैन्य ठिकाने: रिपोर्ट्स के मुताबिक, केशम द्वीप पर सुरंगों और प्राकृतिक गुफाओं का नेटवर्क मौजूद है। माना जाता है कि ईरान ने इनका इस्तेमाल तटीय मिसाइल प्रणालियों और तेज रफ्तार सैन्य नौकाओं को सुरक्षित रखने के लिए किया है।

होर्मुज स्ट्रेट पर रणनीतिक पकड़: केशम द्वीप की भौगोलिक स्थिति इसे समुद्री आवाजाही के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बनाती है। यहां मौजूद सैन्य ठिकानों के जरिए ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को प्रभावित करने की क्षमता रखता है।

वैश्विक तेल सप्लाई पर असर: होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और गैस परिवहन मार्गों में शामिल है। दुनिया के कई देशों तक ऊर्जा की आपूर्ति इसी समुद्री रास्ते से होती है। ऐसे में यहां किसी भी तरह का सैन्य तनाव अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकता है।

28 फरवरी से जारी है अमेरिका-ईरान संघर्ष

अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी से सैन्य तनाव और संघर्ष जारी है। दोनों देशों के बीच टकराव के बावजूद कूटनीतिक समाधान तलाशने की कोशिशें भी चल रही हैं। लेकिन केशम द्वीप पर हुए धमाकों और नए सैन्य अभियान की आशंकाओं ने बातचीत की संभावनाओं को मुश्किल बना दिया है।

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर दुनिया की नजरें टिकी हैं। खासतौर पर होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा और वहां से गुजरने वाले तेल टैंकरों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है। यदि तनाव और गहराता है तो इसका असर केवल पश्चिम एशिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें:- नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर ट्रम्प का फूटा गुस्सा, बोले- ‘नॉर्वे ने कभी न मिटने वाला दाग लगा लिया’

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *