Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार (16 सितंबर) को गोरखपुर में विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कियाष। इस दौरान उन्होंने विकास के साथ सामाजिक एकजुटता और कानून-व्यवस्था को भी जरूरी बताया। गोरखपुर के जंगल नकहा नंबर-2 में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश में बना विकास और सुरक्षा का माहौल तभी मजबूत रह सकता है, जब समाज जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा के आधार पर विभाजित न हो। उन्होंने लोगों से समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान जंगल नकहा नंबर-2 में 3.09 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। इसके साथ ही गोरखपुर में करीब 40 करोड़ रुपये की 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
300 लोगों की क्षमता वाला कल्याण मंडपम तैयार
गोरखपुर के जंगल नकहा नंबर-2 के उर्वरक नगर क्षेत्र में तैयार किया गया कल्याण मंडपम करीब 2,461 वर्गमीटर भूमि पर बनाया गया है। दो मंजिला इस भवन में लगभग 300 लोगों के आयोजन की क्षमता है। यहां बड़ा हॉल, किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंजिंग रूम और महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। इसके अलावा परिसर में पार्किंग, लॉन और फव्वारे की भी व्यवस्था की गई है। इस सुविधा का उद्देश्य खास तौर पर कम और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को शादी-विवाह और दूसरे सामाजिक कार्यक्रमों के लिए कम लागत में जगह उपलब्ध कराना है।
गोरखपुर में 10 कल्याण मंडपम की योजना
इस कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि शहर में ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां महंगे होटल या बड़े निजी बरातघर आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे क्षेत्रों में कल्याण मंडपम विकसित किए जा रहे हैं। जिनमें- मानबेला, तुलसीराम पश्चिम, जंगल बेनी माधव और राप्तीनगर समेत कई स्थानों पर मंडपम पहले ही तैयार होकर इस्तेमाल में आ रहे हैं। जबकि महादेव झारखंडी और सेमरा में भी निर्माण कार्य चल रहा है। इसके साथ ही यह गोरखपुर का आठवां लोकार्पित कल्याण मंडपम बन गया।
19 सितंबर से शुरू होगी 1 लाख सरकारी नौकरियों की प्रक्रिया
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने युवाओं के लिए भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की दिशा में काम कर रही है। इसकी प्रक्रिया 19 सितंबर से शुरू होने की बात कही गई है। इनमें करीब 77 हजार पद पुलिस और होमगार्ड विभागों से जुड़े होंगे। वहीं 2017 से अब तक करीब 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का दावा करते हुए कहा कि अब नियुक्तियां बिना भेदभाव और पारदर्शी तरीके से की जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बुधवार को बेसिक और माध्यमिक शिक्षा समेत अन्य विद्यालयों में शिक्षक भर्ती से संबंधित विज्ञापन जारी किए गए हैं।
विकास के साथ कानून-व्यवस्था पर जोर
सीएम योगी ने इस कार्यक्रम के दौरान यह भी कहा कि किसी शहर में केवल आर्थिक गतिविधियां बढ़ना ही विकास का पैमाना नहीं है बल्कि लोगों को बेहतर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, सामाजिक आयोजन और दूसरी नागरिक सुविधाएं भी मिलनी चाहिए। उन्होंने गोरखपुर में फोरलेन सड़कों, फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज, स्पोर्ट्स कॉलेज, सैनिक स्कूल, एम्स और बीआरडी मेडिकल कॉलेज जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया।
उद्योग और रोजगार का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में औद्योगिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में उद्योगों के विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में 500 से अधिक उद्योग स्थापित हुए हैं और करीब 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। इससे पूर्वांचल के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे बड़े शहरों की ओर जाने की मजबूरी कम हुई है।