https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

लखनऊ में गोमती उत्सव का आगाज, डिप्टी सीएम ने किया उद्घाटन,15 विभूतियों को मिला गोमती गौरव सम्मान

लखनऊ में गोमती उत्सव का आगाज, डिप्टी सीएम ने किया उद्घाटन,15 विभूतियों को मिला गोमती गौरव सम्मान

Lucknow News:  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार (13 नवंबर) को गोमती उत्सव-2026 की शुरुआत हुई। गोमतीनगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव में राजनीति, साहित्य, कला, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह और विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान भी मौजूद रहे।

उत्सव के पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गोमती गौरव सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली 15 हस्तियों को सम्मानित किया गया। वहीं, तिरंगे रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़कर शांति, सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम में लोकनृत्य, संगीत और कला की प्रस्तुतियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा।

गोमती नदी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित है उत्सव

गोमती उत्सव का आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है। इसके जरिए लखनऊ की पहचान से जुड़ी गोमती नदी के संरक्षण, स्वच्छता और अवध की समृद्ध परंपराओं को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और रचनात्मक परंपराएं देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। गोमती उत्सव जैसे आयोजन लोगों को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को लोककला, साहित्य और भारतीय संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलता है।

मौर्य ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाले लोगों को सम्मानित करना भी जरूरी है। इससे दूसरे लोगों को जनसेवा और सामाजिक कार्यों के लिए प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने लोगों से सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने की अपील की। वहीं, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी गोमती नदी को लखनऊ की आस्था, विरासत और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के उत्सव सांस्कृतिक चेतना बढ़ाने के साथ नदी के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने में मददगार साबित हो सकते हैं।

15 हस्तियों को दिया गया गोमती गौरव सम्मान

गोमती उत्सव के पहले दिन का सबसे खास आकर्षण गोमती गौरव सम्मान समारोह रहा। इसमें चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, पत्रकारिता, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह, पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी, संजय गांधी पीजीआई के निदेशक प्रोफेसर डॉ. आरके धीमन, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडेय, न्यायमूर्ति सुधीर सक्सेना और वरिष्ठ पत्रकार योगेश मिश्रा सहित अन्य नाम शामिल रहे।

इसके अलावा पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, डॉ. सुमन दुबे, डॉ. विनोद मिश्रा, संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति सर्वनारायण झा, पत्रकार अंबिका प्रसाद बाजपेयी, शिक्षाविद एसकेडी सिंह और गोमती सफाई अभियान से जुड़े रणजीत सिंह को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों के मुताबिक, इस सम्मान का उद्देश्य समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को पहचान देना और उनके योगदान को सार्वजनिक मंच पर सराहना है।

चरकुला और मयूर नृत्य ने बांधा समां

इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। कलाकारों ने चरकुला नृत्य, मयूर नृत्य और फूलों की होली जैसी प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय लोकसंस्कृति की झलक पेश की। इसके अलावा बॉलीवुड गायक रवि त्रिपाठी की गायकी ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। साहित्य और संगीत से जुड़े कार्यक्रमों ने उत्सव को खास रंग दिया। इस आयोजन में प्रसिद्ध कवि सर्वेश अस्थाना की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्सव की परिकल्पना उन्हीं की है। समिति के अध्यक्ष एवं संयोजक रामकृष्ण यादव रहें, जबकि समाजसेवी राजीव मिश्रा ने मुख्य संरक्षक की जिम्मेदारी संभाली।

ये भी पढ़ें:-बांसकार महासम्मेलन में केशव मौर्य बोले- योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाएं, भ्रष्टाचार दिखे तो उठाएं आवाज

15 नवंबर तक चलेगा गोमती उत्सव

बता दें कि गोमती उत्सव-2026 का आयोजन 13 से 15 नवंबर तक किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और साहित्य प्रेमियों के लिए अलग-अलग गतिविधियां रखी गई हैं। आयोजन के दूसरे दिन 14 नवंबर को लोकनृत्य, भोजपुरी गायन, हास्य कार्यक्रम और युवा कवि सम्मेलन प्रस्तावित हैं। वहीं, 15 नवंबर को पूर्वांचल के लोकनृत्यों के साथ अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों के कवियों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा।

कुल मिलाकर, गोमती उत्सव के जरिए लखनऊ में कला, साहित्य और लोकसंस्कृति को एक साझा मंच देने की कोशिश की जा रही है। साथ ही गोमती नदी के संरक्षण और स्वच्छता को सांस्कृतिक चेतना से जोड़कर आम लोगों तक पहुंचाने का संदेश भी दिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:-वाराणसी मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश, ब्रजेश पाठक बोले- स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं 

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *