https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

UP में शुरू हुआ संचारी रोग नियंत्रण अभियान, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने दिखाई हरी झंडी, 12 अक्टूबर से घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम

UP में शुरू हुआ संचारी रोग नियंत्रण अभियान, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने दिखाई हरी झंडी, 12 अक्टूबर से घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम

UP News: उत्तर प्रदेश में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के लिए एक महीने तक चलने वाले विशेष अभियान की शुरुआत हो गई है। राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान से आज डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जन-जागरूकता रैली में हिस्सा लिया और स्वच्छता व फॉगिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों में संचारी रोगों से बचाव, रोकथाम और उपचार को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि यह अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान शुरूआत की जाएगी। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को बीमारियों से बचाव के तरीके बताएंगी और संभावित मामलों की जानकारी भी जुटाएंगी।

2017 से अभियान के जरिए रोकथाम पर जोर

कार्यक्रम के संबोधन में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस अभियान की शुरूआत का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत साल 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद हुई थी। और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई थी। उन्होंने बताया कि पहले मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी माना जाता था, लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग नोडल एजेंसी के तौर पर विभिन्न विभागों के साथ मिलकर काम करता है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान के जरिए जापानी इंसेफेलाइटिस, डेंगू, मलेरिया और काला ज्वर जैसी बीमारियों की रोकथाम में काम किया गया है। खासतौर पर पूर्वांचल के गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में जहां काफी लंबे समय तक इंसेफेलाइटिस एक बड़ी चुनौती रही। और अब इस अभियान के बाद जापानी इंसेफेलाइटिस के मामलों और इससे होने वाली मौतों में कमी आई है।

घर के आसपास पानी जमा न होने दें

संचारी रोगों की रोकथाम में अपना योगदान देने के लिए डिप्टी सीएम ने प्रदेश के लोगों से अपील भी की। उन्होंने कहा कि वे अपने घर और आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। क्योंकि पुराने टायर, टूटे बर्तन, खिलौनों और अन्य सामान में पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में कूलर, खिड़कियों और ऐसी जगहों की भी नियमित सफाई करनी चाहिए, जहां पानी इकट्ठा हो सकता है।

ये भी पढ़ें:- बांसकार महासम्मेलन में केशव मौर्य बोले- योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाएं, भ्रष्टाचार दिखे तो उठाएं आवाज

उन्होंने कहा कि डेंगू फैलाने वाला मच्छर साफ पानी में भी पनपता है और दिन के समय काटता है। इसलिए मच्छरों के प्रजनन को रोकना संचारी रोगों से बचाव का अहम तरीका है। इसके अलावा डिप्टी सीएम ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने युवाओं और बच्चों को पौष्टिक खान-पान, नियमित व्यायाम और स्वच्छता की आदत अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता केवल स्वास्थ्य विभाग या अन्य सरकारी विभागों के प्रयास से संभव नहीं है, बल्कि आम लोगों की भागीदारी भी इसमें बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य वी. हेकाली झिमोमी, महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. पवन कुमार अरुण, अपर निदेशक चिकित्सा शिक्षा नीलम, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. सी.एम. सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:- बांसकार महासम्मेलन में केशव मौर्य बोले- योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाएं, भ्रष्टाचार दिखे तो उठाएं आवाज

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *