https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

सील अस्पतालों को खोलने के नाम पर रिश्वत का खेल? ब्रजेश पाठक ने दिए जांच के आदेश

सील अस्पतालों को खोलने के नाम पर रिश्वत का खेल? ब्रजेश पाठक ने दिए जांच के आदेश

UP News : उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और अस्पतालों के संचालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। जिसमें प्रदेश के तीन जिलों में पहले सील किए जा चुके अस्पतालों को कथित तौर पर नए नाम से दोबारा संचालित कराने के बदले रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, लखनऊ, कानपुर नगर और उन्नाव में पूर्व में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले कुछ अस्पतालों को सील किया गया था। आरोप है कि इन अस्पतालों को पुराने नाम से संचालन की अनुमति नहीं मिलने के बाद दूसरे नए नाम से दोबारा खुलवाने की प्रक्रिया कराई जा रही थी। इस काम के बदले स्वास्थ्य विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर रिश्वत मांगने के आरोप लगे हैं। इतना ही नहीं, इस कथित गतिविधि से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है।

 

मीडिया में सामने आई खबरों और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने नाराजगी जताई है। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव को पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि सील किए गए अस्पतालों को नए नाम से संचालित कराने और मरीजों से अवैध वसूली जैसे आरोपों की अनदेखी नहीं की जा सकती।

तीन सदस्यीय कमेटी करेगी पूरे मामले की जांच

डिप्टी सीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य महानिदेशालय स्तर से तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की जाएगी। यह कमेटी सामने आए वीडियो और मीडिया में प्रकाशित खबरों से जुड़ी क्लिपिंग की पड़ताल करेगी। इसके अलावा लखनऊ, कानपुर नगर और उन्नाव में लगाए गए आरोपों के तथ्यों की भी जांच की जाएगी। इस जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश होगी कि सील अस्पतालों को दूसरे नाम से दोबारा संचालित कराने के लिए किन लोगों ने संपर्क किया और क्या इस प्रक्रिया में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों या कर्मचारियों की संलिप्तता रही है। ब्रजेश पाठक ने जांच कमेटी को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य महानिदेशालय को जांच के साथ-साथ दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई का विवरण भी उपलब्ध कराना होगा।

मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: ब्रजेश पाठक

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने साफ कहा है कि प्रदेश में मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मानकों को पूरा नहीं करने वाले और सील किए गए अस्पतालों का अवैध तरीके से संचालन गंभीर मामला है। यदि कोई व्यक्ति या अधिकारी ऐसे अस्पतालों को नए नाम से चलवाने, मरीजों से अवैध वसूली करने या इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग करने में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले की जांच के लिए एक सप्ताह की समयसीमा तय की गई है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और इस प्रकरण में किन अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है।

ये भी पढ़ें:-वाराणसी मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश, ब्रजेश पाठक बोले- स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *