Kanpur plane crash: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा बैराज के पास नत्थूपुरवा गांव के बाहरी क्षेत्र में एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक क्रैश होकर खेत में जा गिरा और इस दुर्घटना में विमान में मौजूद इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक चार सीटों वाला ट्विन-इंजन Tecnam एयरक्राफ्ट Garg Aviation के ट्रेनिंग सेंटर से नियमित उड़ान के लिए रवाना हुआ था। विमान ने सुबह करीब 11:20 बजे कानपुर के कैंट क्षेत्र से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद एयरक्राफ्ट नत्थूपुरवा गांव के पास हादसे का शिकार हो गया। विमान के अचानक नीचे आने और खेत में गिरने के बाद आसपास के इलाके में तेज आवाज सुनाई दी। जिसकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते घटनास्थल में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल और स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद टीम ने दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे से फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला। और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने घटनास्थल पर विमान के टूटे हुए हिस्सों और मलबे को सुरक्षित कर लिया है। दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच के लिए मौके पर जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी की मौत
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुजरात के इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक के ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सचिन भाटिया को विमान उड़ाने का करीब 3,000 घंटे का अनुभव था और यह दोनों विमान में ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान सवार थे। हादसे के बाद पुलिस टीम ने विमान के क्षतिग्रस्त हिस्से से दोनों को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
गर्ग एविएशन का था ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट
शुरूआती जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान Tecnam कंपनी का चार सीटों वाला ट्विन-इंजन एयरक्राफ्ट था और इस विमान को Garg Aviation ने पायलट ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल किया था। ट्रेनिंग उड़ान के दौरान विमान किस वजह से अचानक दुर्घटनाग्रस्त हुआ, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। हादसे से पहले विमान में किसी तकनीकी समस्या के संकेत थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
DGCA करेगा पूरे मामले की जांच
इस विमान हादसे की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी गई है। DGCA की विशेषज्ञ टीम दुर्घटना से जुड़े तकनीकी और अन्य पहलुओं की जांच करेगी। जांच के दौरान विमान की एयरवर्दीनेस, मेंटेनेंस रिकॉर्ड, तकनीकी स्थिति और उड़ान से जुड़े विवरण की पड़ताल की जा सकती है। साथ ही दुर्घटनास्थल से मिले मलबे और अन्य साक्ष्यों का भी अध्ययन किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से जरूरी कार्रवाई की जा रही है। विमान दुर्घटना के पीछे की असली वजह DGCA की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।