Ankit Baliylan Murder News: सोशल मीडिया पर अपनी आवाज और हरियाणवी गानों से पहचान बनाने वाले सिंगर अंकित बालियान की बुधवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। अंकित की सोशल मीडिया पर अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी और YouTube पर उनके करीब 3 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर भी थे। हरियाणवी सिंगर की हत्या ने अब कई सवाल खड़े कर दिए है। वही उनकी मौत के बाद यह बात भी सामने आ रही है कि वह आने वाले चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि उनके चुनाव लड़ने की चर्चा की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यही वजह है कि अब पुलिस की जांच में यह पहलू भी अहम माना जा रहा है कि क्या उनकी राजनीतिक सक्रियता का इस हत्या से कोई संबंध था।
हरियाणवी गानों से बनाई पहचान
उत्तर प्रदेश के शामली के रहने वाले अंकित बालियान की लोकप्रियता सिर्फ शामली और आसपास के इलाकों तक सीमित नहीं थी। हरियाणवी संगीत से जुड़े उनके गाने YouTube पर भी काफी पसंद किए जाते थे। अंकित खासतौर पर जेल, गैंगवार और बदमाशों के मिजाज पर आधारित गानों के चलते सुर्खियों में आए थे। उनका सबसे चर्चित गाना ‘जज के भी आवेंगे पसीने, देखिये भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान…’ रहा। इस गाने को YouTube पर 54 मिलियन यानी 5.4 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सोशल मीडिया पर अंकित की पहुंच कितनी बड़ी थी।
इसके अलावा अंकित बालियान ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के कई जाने-माने कलाकारों के साथ भी काम किया था। उन्होंने मशहूर गायक मासूम शर्मा और दिवंगत गायक राजू पंजाबी के साथ भी गाने किए। उनके चर्चित गानों में ‘बॉडी बिल्डर’, ‘डोल्या पे बनवा राख्या डोला…’ और ‘जाट-जाटनी’ जैसे गाने शामिल हैं। गायकी के साथ-साथ अंकित सोशल मीडिया पर भी लगातार सक्रिय रहते थे। वह अपने वीडियो में दूसरे कलाकारों और सहयोगियों के साथ नजर आते थे। उनकी इसी लोकप्रियता ने उन्हें स्थानीय स्तर से आगे निकालकर सोशल मीडिया पर एक अलग पहचान दिलाई। यही वजह है कि अंकित की अचानक हुई हत्या की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर भी लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए।
वायरल पोस्ट और पंचायत चुनाव
गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से चर्चा में है। इसमें लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोगी गैंग के शूटर भोलू शाहपुरिया निवासी सोनीपत ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली है। भोलू ने गुरुवार सुबह इंस्टाग्राम पर यह पोस्ट साझा की। साथ ही वेट एंड वाच भी लिखा है।
इसके अलावा अंकित की संभावित राजनीतिक पारी को लेकर भी चर्चाएं सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि वह आगामी पंचायत चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, न तो पुलिस और न ही उनके करीबियों की ओर से इस बात की आधिकारिक पुष्टि की गई है। ऐसे में फिलहाल चुनाव से जुड़ा यह पहलू सिर्फ चर्चाओं तक सीमित है। फिलहाल वायरल पोस्ट और पंचायत चुनाव की चर्चा ने इस मामले में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिम से निकलते ही बदमाशों ने बरसाई गोली
पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान बुधवार शाम जिम से बाहर निकल रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार हमलावर वहां पहुंचे और उन्होंने अंकित को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। शामली के पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि फुटेज से हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते की जानकारी मिल सकती है।
अखिलेश यादव ने भी उठाए सवाल
अंकित बालियान की हत्या के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने वारदात को बेहद गंभीर और निंदनीय बताते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। अखिलेश यादव ने कहा कि पुलिस को इस मामले की जांच राजनीतिक रंजिश के पहलू से भी करनी चाहिए, ताकि हत्या की असली वजह सामने आ सके।
सपा प्रमुख ने इस घटना को जाट समुदाय से जोड़ते हुए कहा कि वारदात को लेकर समुदाय के लोगों में नाराजगी है। उन्होंने अंकित की मां की उस तस्वीर पर भी दुख जताया, जिसमें वह बेटे के शव को गोद में लेकर रोती नजर आ रही हैं। अखिलेश यादव ने इस दृश्य को बेहद दर्दनाक बताते हुए हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
अब जांच का सबसे अहम सवाल यही है कि अंकित बालियान की हत्या आखिर किस वजह से की गई। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, राजनीतिक विवाद या कोई दूसरा कारण है, इसका खुलासा पुलिस की जांच आगे बढ़ने के बाद ही हो सकेगा।