Vaibhav Suryavanshi Duldeep Trophy Record: बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी तूफानी बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया है। दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए वैभव ने महज 42 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। इसके साथ ही वह दलीप ट्रॉफी के इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए। वैभव ने यह कारनामा 15 साल 157 दिन की उम्र में किया। उन्होंने 1969 में बनाए गए लक्ष्मण सिंह के 57 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
42 गेंदों में फिफ्टी, छक्के से पूरा किया अर्धशतक
बेंगलुरु स्थित सेंट्रल ऑफ एक्सीलेंस के मैदान पर ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। सेंट्रल जोन ने पहली पारी में 266 रन बनाए थे। इसके जवाब में ईस्ट जोन के लिए वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन पारी की शुरुआत करने उतरे। वैभव ने आते ही अपने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी और महज 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके अलावा ऑफ स्पिनर सारांश जैन की गेंद पर छक्का लगाकर वैभव ने फिफ्टी पूरी की। खास बात यह रही कि जब वैभव सिर्फ 2 रन पर थे, तब सारांश जैन की गेंद पर यश राठौर ने उनका आसान कैच छोड़ दिया था।
अभिमन्यु ईश्वरन के साथ की शतकीय साझेदारी
वैभव ने अपनी शानदार पारी के दौरान अभिमन्यु ईश्वरन के साथ मिलकर ईस्ट जोन को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी पूरी की। बता दें कि वैभव का यह दलीप ट्रॉफी में दूसरा मुकाबला है। पहले मैच में नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ वह बल्ले से सिर्फ 8 रन बना पाए थे। हालांकि, उस मैच में उन्होंने गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थीं। ईस्ट जोन ने वह मुकाबला पारी के अंतर से जीता था।
शतक से चूके वैभव, 92 रन पर लौटे पवेलियन
इस मैच में अर्धशतक पूरा करने के बाद भी वैभव का तूफानी अंदाज जारी रहा। वह तेजी से अपने पहले फर्स्ट क्लास शतक की ओर बढ़ रहे थे और उनका शतक लगभग तय नजर आ रहा था। लेकिन 92 रन के स्कोर पर उनकी पारी का अंत हो गया। हर्ष दुबे की गेंद पर वैभव ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन डीप मिडविकेट पर खड़े अरशद खान ने उनका कैच पकड़ लिया। इस तरह से वैभव ने 81 गेंदों में 92 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी का स्ट्राइक रेट 116.46 रहा।
57 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
वैभव सूर्यवंशी ने जैसे ही अपना अर्धशतक पूरा किया, उन्होंने दलीप ट्रॉफी के इतिहास में नया रिकॉर्ड कायम कर दिया।
वैभव सूर्यवंशी — 15 साल 157 दिन
लक्ष्मण सिंह — 16 साल 23 दिन
पीयूष चावला — 16 साल 307 दिन
इस तरह वैभव ने लक्ष्मण सिंह का करीब 57 साल पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव की यह दूसरी फर्स्ट क्लास हाफ सेंचुरी है। इससे पहले उन्होंने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में मेघालय के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। खास बात यह है कि उन्होंने उस मुकाबले में सिर्फ 33 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी। कम उम्र में ही वैभव अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचान बना चुके हैं। दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में 92 रनों की पारी ने एक बार फिर दिखा दिया कि यह युवा बल्लेबाज बड़े मंच पर भी दबाव के बीच तेज और बेखौफ बल्लेबाजी करने की क्षमता रखता है।