Vimal Elaichi विज्ञापन ने बढ़ाई शाहरुख-अजय-टाइगर की टेंशन! FDA का नोटिस, 15 दिन में देना होगा जवाब

Vimal Elaichi विज्ञापन ने बढ़ाई शाहरुख-अजय-टाइगर की टेंशन! FDA का नोटिस, 15 दिन में देना होगा जवाब

महाराष्ट्र FDA के कमिश्नर तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में विभाग खाद्य सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर लगातार कार्रवाई कर रहा है। है। स्कूलों की कैंटीन से लेकर सरकारी संस्थानों की कैंटीन और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में FDA की ओर से सख्ती देखने को मिल रही है। अब इसकी कार्रवाई बॉलीवुड तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र FDA ने अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

क्या है पूरा मामला?

महाराष्ट्र FDA ने 14 अगस्त को तीनों अभिनेताओं से विमल इलायची के विज्ञापन में उनकी भूमिका को लेकर जवाब मांगा है, क्योंकि यह तीनों एक्टर विमल इलाइची के विज्ञापन में साथ नजर आए थे। FDA का कहना है कि पहली नजर में यह विज्ञापन ऐसे ब्रांड की अप्रत्यक्ष या सरोगेट प्रमोशन का मामला हो सकता है, जिसका संबंध पान मसाला और तंबाकू से जुड़े उत्पादों से है। FDA के मुताबिक VIMAL ब्रांड बाजार में पान मसाला के साथ प्रमुख रूप से जुड़ा हुआ है। ऐसे में FDA इस पहलू की जांच कर रहा है कि Vimal Elaichi के नाम से होने वाला प्रचार कहीं प्रतिबंधित उत्पाद के ब्रांड को अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ावा तो नहीं दे रहा, क्योंकि महाराष्ट्र में ऐसे प्रतिबंधित उत्पादों को लेकर प्रशासन पहले से ही सख्त रुख अपना रहा है।

15 दिन में देना होगा जवाब

FDA ने 11 अगस्त को जारी नोटिस में तीनों अभिनेताओं को 15 दिन के भीतर लिखित जवाब देने को कहा है। साथ ही उनसे विज्ञापन में अपनी भूमिका, एंडोर्समेंट एग्रीमेंट की कॉपी, कैंपेन ब्रीफ, पेमेंट से जुड़ी जानकारी और विज्ञापन से पहले की गई जांच पड़ताल से संबंधित जानकारी मांगी गई है। FDA ने यह भी निर्देश दिया है कि विज्ञापन से जुड़ी प्रचार सामग्री को उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट और नियंत्रण वाले अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाया जाए तथा आगे इस विज्ञापन के प्रचार-प्रसार में सहयोग न किया जाए।

महाराष्ट्र में पान मसाला पर क्या है नियम?

FDA ने नोटिस में महाराष्ट्र सरकार के 13 जुलाई 2026 के आदेश का भी हवाला दिया है। इसके तहत राज्य में पान मसाला के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर एक साल के लिए रोक लगाई गई है। फिलहाल FDA गुटखा, तंबाकू वाले पान मसाला और दूसरे प्रतिबंधित प्रोडक्ट के खिलाफ जांच तेज कर रहा है। इसके अलावा विभाग ने खाने-पीने की चीजों से जुड़े कई मामलों में भी कार्रवाई की है। इसमें मिलावटी दूध, रेस्टोरेंट में परोसा जाने वाला खाना और स्कूलों के आसपास बिकने वाला जंक फूड शामिल है।

क्या हो सकता है एक्शन?

अगर FDA को तीनों अभिनेताओं का जवाब संतोषजनक नहीं लगता और जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। मामले में जुर्माना लगाने के साथ-साथ विज्ञापन से संबंधित अन्य प्रतिबंध भी लागू हो सकते हैं। हालांकि, किसी भी सजा या कार्रवाई का फैसला जांच के निष्कर्ष और लागू नियमों के आधार पर ही होगा। फिलहाल FDA की ओर से मांगी गई जानकारी और अभिनेताओं के जवाब अहम माने जा रहे हैं।

बता दें कि विमल इलाइची विज्ञापन को लेकर यह पहली बार नही है। जब किसी एक्टर को आलोचना का सामना करना पड़ा है, बल्कि साल 2022 में अक्षय कुमार ने शाहरुख खान और अजय देवगन के साथ विमल इलाइची के विज्ञापन में नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई थी। जिसके बाद उन्होंने माफी मांगी थी, और कहा था- कि वह तंबाकू का एंडोर्समेंट नहीं करते और लोगों की भावनाओं को देखते हुए विज्ञापन से पीछे हट रहे हैं। साथ ही उन्होंने अपनी एंडोर्समेंट फीस एक अच्छे काम के लिए देने की बात कही थी।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *