मॉडल जैसा लुक, AC First Class का सफर और दो सूटकेस में 75 लीटर शराब… ऐसे पकड़ी गई नेहा झा

मॉडल जैसा लुक, AC First Class का सफर और दो सूटकेस में 75 लीटर शराब… ऐसे पकड़ी गई नेहा झा

बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। लेकिन समस्तीपुर से सामने आया एक मामला इसलिए चर्चा में है क्यूंकि इसमे 25 साल की नेहा झा को ट्रेन के AC First Class कोच से भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, नेहा के पास करीब 75 लीटर ब्रांडेड विदेशी शराब बरामद हुई। मामले की जांच में उसके परिवार से जुड़ी कई अहम बातें भी सामने आई हैं।

मामला दिल्ली से बिहार जा रही ट्रेन का है। रेलवे अधिकारियों को एक AC First Class कूपे को लेकर संदेह हुआ। जांच के दौरान जब कूपे को खुलवाया गया तो अंदर नेहा झा अपने जीजा ईशान कुमार के साथ मौजूद थी। तलाशी के दौरान दो बड़े सूटकेस मिले। जब इन्हें खोला गया तो पुलिस को विदेशी शराब की बड़ी खेप मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों के पास इस यात्रा का वैध टिकट भी नहीं था। इसके बाद नेहा और उसके जीजा को हिरासत में लिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए मामले को GRP के हवाले किया गया।

शादी समारोह की बात

पुलिस की पूछताछ में नेहा ने दावा किया कि वह ब्रांडेड शराब शादी समारोह के लिए लेकर आ रही थी। उसका कहना था कि शराब हरियाणा से खरीदी गई थी और इस पूरे मामले में उसके जीजा ईशान कुमार का भी कनेक्शन है। हालांकि, पुलिस ने उसके इस दावे को अंतिम सच नहीं माना है। इतनी बड़ी मात्रा में शराब बिहार लाए जाने की वजह और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने नेहा और उसके जीजा के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और दूसरे संपर्कों को भी खंगालना शुरू कर दिया है।

परिवार में भी शराब तस्करी के मामले

नेहा झा समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के बारी गांव की रहने वाली बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, उसके पिता संजय झा भी पहले शराब तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। इसके अलावा नेहा की बड़ी बहन निशु झा भी शराब मामले में गिरफ्तार हो चुकी है। उत्पाद विभाग ने 30 नवंबर 2025 को निशु को 21 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ा था। नेहा चार बहनों में सबसे छोटी बताई गई है। उसने दरभंगा के केएस कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की है। परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी भी पुलिस की जांच के दायरे में है।

अब किस दिशा में बढ़ रही जांच?

फिलहाल पुलिस का फोकस यह पता लगाने पर है कि 75 लीटर शराब की यह खेप आखिर किसके लिए लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। नेहा और उसके जीजा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और शराब की खरीद से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह सिर्फ एक खेप थी या बिहार तक फैले किसी बड़े शराब तस्करी नेटवर्क का हिस्सा। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां या नए नाम सामने आ सकते हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा में है ‘25’ का संयोग

इस पूरे मामले में एक अजीब संयोग ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। नेहा की बड़ी बहन निशु झा को जब शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया, तब उसकी उम्र 25 साल थी। अब नेहा भी 25 साल की उम्र में 75 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार हुई है। यानी एक ही परिवार की दोनों बहनों की शराब मामले में गिरफ्तारी और दोनों की उम्र 25 साल होना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इसे महज संयोग माना जाए या इसके पीछे कोई और वजह है, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *