इंस्टाग्राम चैटिंग के शक ने तोड़ा चार महीने पुराना रिश्ता, पत्नी के मायके पहुंच पति ने किया जानलेवा हमला

इंस्टाग्राम चैटिंग के शक ने तोड़ा चार महीने पुराना रिश्ता, पत्नी के मायके पहुंच पति ने किया जानलेवा हमला

Gwalior News: रिश्ते अक्सर भरोसे से बनते हैं, लेकिन जब इसी रिश्ते में शक जगह बना ले, तो कभी-कभी हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि प्यार और साथ की जगह हिंसा ले लेती है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सामने आया एक मामला इसी कड़वी सच्चाई को बयां करता है। यहां चार महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी पर इंस्टाग्राम चैटिंग के शक में जानलेवा हमला कर दिया।

यह पूरा मामला जनकगंज थाना क्षेत्र के बावन पायगा इलाके का है। आरोप है कि विकास पाल नाम का युवक रविवार रात शराब के नशे में अपनी पत्नी निशा अहिरवार के मायके पहुंचा। निशा उस समय वहां सो रही थी। पति विकास को निशा के इंस्टाग्राम पर चैटिंग करने को लेकर शक था और उसे आशंका थी कि उसका किसी अन्य व्यक्ति से अफेयर चल रहा है।

बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब चार महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। शादी के शुरुआती दिनों में जिस रिश्ते की शुरुआत प्यार और भरोसे से हुई थी, उसमें धीरे-धीरे शक ने जगह बना ली। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा। जन्माष्टमी के दिन भी दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद निशा अपने मायके चली गई थी। लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। रविवार रात विकास कथित तौर पर शराब के नशे में पत्नी के मायके पहुंच गया। आरोप है कि उसने पहले कैंची से निशा के बाल काटे और इसके बाद चाकू से उस पर हमला कर दिया। चेहरे, गर्दन, पीठ और कंधे पर कई वार किए गए, जिससे निशा गंभीर रूप से घायल हो गई।

निशा की चीख-पुकार सुनकर उसकी बहनें और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया। परिजनों ने घायल निशा को तुरंत जयरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही जनकगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी विकास पाल को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी अतुल सिंह सोलंकी के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

ये भी पढ़ें:- क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान आरोपी की पिटाई, जीप से बांधकर लाठियां बरसाने का वीडियो वायरल

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *