बांग्लादेश को करारी शिकस्त देकर फाइनल में पहुंचा भारत, श्रीलंका से होगी गोल्ड मेडल के लिए भिड़ंत

बांग्लादेश को करारी शिकस्त देकर फाइनल में पहुंचा भारत, श्रीलंका से होगी गोल्ड मेडल के लिए भिड़ंत

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपने खिताब की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ा दिया है। जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। भारत की इस जीत की सबसे बड़ी नायिका शेफाली वर्मा रहीं, जिन्होंने महज 49 गेंदों पर नाबाद शतक जड़कर मुकाबले का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया। इस जीत के साथ भारत ने कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है और अब टीम की नजरें गोल्ड मेडल पर हैं। फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी।

 

भारत ने खड़ा किया 195 रन का मजबूत स्कोर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। शुरुआत से ही भारतीय बल्लेबाजों ने बांग्लादेश के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा, लेकिन पारी का सबसे बड़ा आकर्षण शेफाली वर्मा का बल्ला रहा। क्योंकि शेफाली ने सिर्फ 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 9 छक्के शामिल रहे।  इस शतक के साथ शेफाली ने न सिर्फ भारत के स्कोर को बड़े स्तर तक पहुंचाया, बल्कि महिला टी20 क्रिकेट में 49 गेंदों पर शतक लगाने वाली बल्लेबाजों की सूची में हरमनप्रीत कौर के साथ जगह बनाई। कप्तान हरमनप्रीत ने 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 49 गेंदों पर शतक लगाया था।

स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने भी दिखाया दम

शेफाली वर्मा को दूसरे छोर से स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर का भी अच्छा साथ मिला। स्मृति ने तेज शुरुआत करते हुए 19 गेंदों पर 37 रन बनाए, जबकि हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों पर 40 रन की उपयोगी पारी खेली। इन पारियों ने भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं भारतीय बल्लेबाजों ने बांग्लादेश के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और अंत में स्कोर बोर्ड पर 195 रन टांग दिए।

बांग्लादेश की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने ढेर

196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए बांग्लादेश को 15.4 ओवर में सिर्फ 81 रन पर ऑलआउट कर दिया। हालांकि बांग्लादेश की ओर से दिलारा अख्तर ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। इसके अलावा शर्मिन अख्तर ने 10 रन बनाए, जबकि सुल्ताना खातून 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं अगर बात विकेट की जाएं तो भारत की ओर से दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने 3-3 विकेट चटकाए। श्री चरणी को 2 विकेट मिले, जबकि क्रांति गौड़ और श्रेयंका पाटिल ने एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। इस शानदार गेंदबाजी के चलते बांग्लादेश की पूरी टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।

श्रीलंका से होगा गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला

भारत की फाइनल में भिड़ंत अब श्रीलंका से होगी। इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से मात दी। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 177 रन बनाए थे, लेकिन श्रीलंका ने कप्तान चमारी अटापट्टू की नाबाद 83 रन की पारी के दम पर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया गया था। श्रीलंका ने 178 रन के लक्ष्य को 13 गेंद शेष रहते हासिल किया और फाइनल में अपनी जगह पक्की की। अब एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच होगा।

22 सितंबर को भारत-श्रीलंका फाइनल

एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट का फाइनल 22 सितंबर को खेला जाएगा। इसी दिन ब्रॉन्ज मेडल के लिए पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें भी आमने-सामने होंगी। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल मैच निस्शिन में आयोजित होगा। भारतीय टीम के सामने अब अपने खिताब को बरकरार रखने की चुनौती होगी। भारत ने पिछले एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीता था और इस बार भी टीम खिताब अपने नाम करने से सिर्फ एक जीत दूर है। वहीं श्रीलंका की टीम भी फाइनल जीतकर स्वर्ण पदक हासिल करना चाहेगी। शेफाली वर्मा के ऐतिहासिक शतक और भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने टीम इंडिया को फाइनल तक पहुंचा दिया है। अब निगाहें 22 सितंबर के उस मुकाबले पर होंगी, जहां भारत और श्रीलंका के बीच गोल्ड मेडल के लिए सीधा मुकाबला होगा।

ये भी पढ़ें:- 13 साल बाद ईस्ट जोन ने जीती दलीप ट्रॉफी, ईशान किशन की कप्तानी पारी में रचा इतिहास

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *