https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

UP विधानसभा चुनाव में ‘हनुमान’ की एंट्री! सपा के नए पोस्टर ने खींचा सबका ध्यान, ‘विजय भवः 2027’ का संदेश

UP विधानसभा चुनाव में ‘हनुमान’ की एंट्री! सपा के नए पोस्टर ने खींचा सबका ध्यान, ‘विजय भवः 2027’ का संदेश

Up politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल धीरे-धीरे तेज होती जा रही है। नेताओं के बयान और चुनावी रणनीति के साथ अब पोस्टर भी राजनीतिक संदेश देने का जरिया बनते दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय के बाहर लगा एक नया पोस्टर चर्चा में आ गया है। इस पोस्टर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भगवान हनुमान के आशीर्वाद के साथ दिखाया गया है और साथ में लिखा है- ‘विजय भवः 2027’। पोस्टर सामने आने के बाद इसकी तस्वीरें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

आखिर पोस्टर में क्या है ?

लखनऊ स्थित सपा कार्यालय के बाहर लगाए गए इस पोस्टर में भगवान श्री हनुमान अखिलेश यादव के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं और अखिलेश यादव भगवान हनुमान के सामने हाथ जोड़कर बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा पोस्टर में अखिलेश यादव के साथ सपा संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव तथा सपा सांसद डिंपल यादव की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। साथ ही पोस्टर पर बड़े अक्षरों में ‘विजय भवः 2027’ लिखा गया है। धार्मिक प्रतीक, सपा के प्रमुख चेहरों और 2027 के चुनावी संदेश को एक साथ जोड़ने वाला यह पोस्टर ऐसे समय सामने आया है, जब यूपी में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपनी तैयारियों को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।

पहले भी दिख चुका है धार्मिक रंग

अखिलेश यादव से जुड़ा धार्मिक प्रतीकों वाला पोस्टर इससे पहले भी चर्चा में रह चुका है। जुलाई 2026 में उनके जन्मदिन के मौके पर वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने एक पोस्टर जारी किया था, जिसमें अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में संविधान की प्रति हाथ में लिए हुए दिखाया गया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं की ओर से हवन-पूजन भी किया गया था।

सपा युवजन सभा के प्रदेश महासचिव अजय फौजी ने उस समय कहा था कि पोस्टर के जरिए अखिलेश यादव की संविधान और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाने की कोशिश की गई है। इस पोस्टर को लेकर बीजेपी की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई थी और माफी की मांग की गई थी।

पोस्टर से PDA रथ तक, 2027 की तैयारी

यूपी चुनाव 2027 में अभी समय है, लेकिन सियासी दलों की तैयारियां लगातार दिखाई दे रही हैं। समाजवादी पार्टी भी संगठन को मजबूत करने और अपने अभियानों को जमीन तक पहुंचाने पर जोर देती नजर आ रही है। हाल ही में सपा की ओर से PDA यात्रा को लेकर तैयारियां तेज की गई हैं और सितंबर में एक कस्टमाइज्ड अभियान बस लखनऊ स्थित सपा कार्यालय पहुंची, जिसे प्रस्तावित PDA रथ यात्रा से जोड़ा गया है। इस अभियान में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA फॉर्मूले को केंद्र में रखा गया है। इसके अलावा पार्टी की ओर से युवाओं से संवाद और उनकी प्राथमिकताओं को जानने के लिए QR कोड अभियान जैसे प्रयास भी सामने आए हैं। वहीं, अखिलेश यादव ने हाल में बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और 2027 की तैयारी को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश भी दिए हैं।

अब ‘विजय भवः 2027’ पर नजर

ऐसे में सपा कार्यालय के बाहर लगा ‘विजय भवः 2027’ वाला पोस्टर पार्टी की चुनावी तैयारियों के बीच एक नया राजनीतिक संदेश लेकर आया है। एक तरफ PDA और सामाजिक न्याय की बात हो रही है, तो दूसरी तरफ पोस्टर में धार्मिक प्रतीक के जरिए अखिलेश यादव को हनुमान के आशीर्वाद के साथ दिखाया गया है। 2027 के चुनाव से पहले सपा की ओर से सामने आ रहे ये अलग-अलग पोस्टर, अभियान और संगठनात्मक गतिविधियां आने वाले चुनावी माहौल की तस्वीर दिखा रही हैं।

ये भी पढ़ें:- सीएम योगी ने 912 चयनित अभ्यर्थियों को दिए नियुक्ति पत्र, बोले- अगले 6 महीने में 1 लाख से ज्यादा युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *