Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल के मुकाबले में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। बल्ले से रनों की बारिश और गेंद से श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर शिकंजा कसते हुए भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 147 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरा क्रिकेट गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया हैं।
जापान के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और निर्धारित 20 ओवर में महज 3 विकेट गंवाकर 216 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। वहीं, जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 69 रन पर सिमट गई।
मंधाना ने बरसाए रन,भारत ने बनाया रिकॉर्ड स्कोर
भारत की पारी की सबसे बड़ी स्टार स्मृति मंधाना रहीं। उन्होंने महज 45 गेंदों पर 79 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। इसी पारी के दौरान मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 11,000 रन भी पूरे किए और ऐसा करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं। वहीं, मंधाना के साथ शैफाली वर्मा ने भी श्रीलंकाई गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। शैफाली ने 29 गेंदों में 48 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इस तरह दोनों खिलाड़ियों ने भारत को तेज शुरुआत देते हुए बड़े स्कोर की नींव तैयार कर दी। इसके बाद हरमनप्रीत कौर ने भी अहम योगदान दिया और 19 रन बनाए। वहीं, ऋचा घोष ने आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 49 रन ठोक दिए। इन सभी पारियों के दम पर भारत 20 ओवर में 216/3 तक पहुंच गया।
एशियन गेम्स में सबसे बड़ा महिला क्रिकेट स्कोर
216 रन का यह स्कोर एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर रहा। इससे पहले यह रिकॉर्ड हांगकांग की महिला टीम के नाम था, जिसने 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में मंगोलिया के खिलाफ 202/4 रन बनाए थे। अब भारत ने फाइनल में 216 रन बनाकर इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
Back-to-back 𝗚𝗢𝗟𝗗 𝗠𝗘𝗗𝗔𝗟𝗟𝗜𝗦𝗧𝗦 🏅
Congratulations to #TeamIndia on clinching a 2️⃣nd consecutive Gold Medal in women’s cricket at the #AsianGames 🇮🇳👏
Scorecard ▶️ https://t.co/DVlhLBajxB pic.twitter.com/AAkS0VDUKh
— BCCI Women (@BCCIWomen) September 22, 2026
गेंदबाजों ने श्रीलंका की पारी को समेटा
217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर श्रीलंका पर दबाव बनाए रखा। टीम की कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने बड़ी पारी नहीं खेल सकी और पूरी टीम 69 रन पर ढेर हो गई। इस तरह भारत ने मुकाबला 147 रन से अपने नाम कर लिया। दीप्ति शर्मा ने गेंद से सबसे प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। शैफाली वर्मा और श्री चरणी ने भी अहम विकेट झटके। भारतीय गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन ने श्रीलंका को लक्ष्य के आसपास भी नहीं पहुंचने दिया।
भारत के नाम पहला गोल्ड मेडल
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर भारत को इन खेलों का पहला गोल्ड मेडल दिलाया। इस जीत के साथ भारत की कुल पदक संख्या सात हो गई, जिसमें एक गोल्ड, चार सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। वहीं महिला क्रिकेट की बात करें तो यह एशियन गेम्स में भारत का लगातार दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले 2023 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल जीता था। 2026 में श्रीलंका को फाइनल में हराकर भारतीय टीम ने अपना खिताब बरकरार रखा।



