https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, ईरान को हराकर एशियन गेम्स में चौथी बार जीता गोल्ड मेडल

भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, ईरान को हराकर एशियन गेम्स में चौथी बार जीता गोल्ड मेडल

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एक बार फिर तिरंगे का मान बढ़ाया है। गोल्ड मेडल के लिए खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच आखिरी तक कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन निर्णायक पलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत पर मुहर लगा दी। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में एक बार फिर अपनी मजबूत स्थिति साबित की है। साथ ही महिला कबड्डी में अपना चौथा गोल्ड मेडल भी अपने नाम कर लिया है।

दरअसल, आज (26 सितंबर 2026 ) को भारत और ईरान के बीच खेले गए कबड्डी के फाइनल मुकाबले में शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली। भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए शुरुआती बढ़त हासिल की और लगातार ईरान पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ के समाप्त होने तक भारत के खाते में 22 अंक थे, जबकि ईरान की टीम 16 अंक ही जुटा सकी थी। इसके बाद दूसरे हाफ में ईरान ने वापसी की कोशिश की और भारतीय टीम को कड़ी चुनौती दी। जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे दोनों टीमों के बीच अंकों का अंतर भी कम होता गया। इससे मैच और भी रोमांचक हो गया और दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हालांकि, निर्णायक समय में भारतीय खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा और महत्वपूर्ण अंक हासिल करते हुए मुकाबला 37-34 से अपने नाम कर लिया।

एशियन गेम्स में भारत का चौथा महिला कबड्डी गोल्ड

बता दें कि महिला कबड्डी में एशियन गेम्स में भारत का यह चौथा स्वर्ण पदक है। इससे पहले साल 2010 में भारतीय टीम ने ग्वांगझू एशियन गेम्स में गोल्ड जीता था। इसके बाद 2014 के इंचियोन एशियन गेम्स में भी भारतीय महिला टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। हालांकि, साल 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में भारत को फाइनल में ईरान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था और सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा था।

लेकिन साल 2022 में हांगझू एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने एक बार फिर वापसी करते हुए गोल्ड मेडल जीता। अब 2026 के एशियन गेम्स में भी भारत ने फाइनल में ईरान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। इस तरह साल 2010 से लेकर 2026 तक भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में कुल चार गोल्ड मेडल जीते हैं।

वहीं, अगर एशियन गेम्स 2026 के कुल पदकों की बात करें तो अब तक भारत के खाते में कुल 27 मेडल आए हैं, जिसमें 3 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। इसके अलावा पदक तालिका में भारत फिलहाल 12वें स्थान पर है। वहीं इस प्रतियोगिता में अभी कई अहम मुकाबले होने बाकी हैं और भारतीय खिलाड़ियों से आने वाले इवेंट्स में भी पदक जीतने की उम्मीद बनी हुई है। महिला टीम के गोल्ड मेडल जीतने के बाद अब भारतीय फैंस की नजर पुरुष कबड्डी टीम की जीत पर टिकी है। क्योंकि पुरुष टीम भी गोल्ड मेडल के मुकाबले में उतरने वाली है। ऐसी स्थिति में भारतीय पुरूष टीम के पास कबड्डी में एक और स्वर्ण पदक हासिल करने का सुनहरा मौका होगा।

ये भी पढ़ें:- एशियन गेम्स में शेफाली वर्मा ने रचा इतिहास, कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा T20I रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड किया अपने नाम

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *