https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

गांधी जयंती पर CM योगी ने बापू और शास्त्री जी को किया नमन, खादी को बढ़ावा देने के लिए 25% छूट का किया बड़ा ऐलान

गांधी जयंती पर CM योगी ने बापू और शास्त्री जी को किया नमन, खादी को बढ़ावा देने के लिए 25% छूट का किया बड़ा ऐलान

UP News: लखनऊ में गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम पहुंचकर महात्मा गांधी के विचारों को याद किया और इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री भवन में शास्त्री जी को नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई जाती है।

 

सीएम योगी ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वदेशी को स्वावलंबन से जोड़ा और स्वतंत्रता आंदोलन को व्यापक जन आंदोलन का रूप दिया। उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और स्वदेशी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बापू का स्वदेशी से स्वावलंबन का संदेश आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण आधार बन सकता है।

खादी पर 25 फीसदी छूट

गांधी जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के लिए खादी से जुड़ी बड़ी जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में खादी के वस्त्रों पर 30 जनवरी 2027 तक 25 फीसदी की छूट उपलब्ध रहेगी। उन्होंने लोगों से खादी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खादी सिर्फ एक कपड़ा नहीं बल्कि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। खादी को अपनाने से स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने लोगों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और अपने आसपास के कारीगरों के हुनर को बाजार उपलब्ध कराने का भी आह्वान किया।

बापू के विचार आज भी प्रासंगिक

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में महात्मा गांधी ने अन्याय और रंगभेद के खिलाफ संघर्ष किया और भारत लौटने के बाद स्वतंत्रता आंदोलन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ दिया। उनके नेतृत्व में आंदोलन गांव-गांव तक पहुंचा और बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़े। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता, स्वदेशी और ग्राम स्वराज से जुड़े विचार आज भी महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत देशभर में बने शौचालयों ने स्वच्छता के साथ नारी सम्मान को भी मजबूती दी है। वहीं, गांवों में ग्राम सचिवालयों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और ग्राम स्वराज की परिकल्पना को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।

शास्त्री जी के योगदान को किया याद

लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी ने उनके सादगीपूर्ण जीवन और देश के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का व्यक्तित्व जितना सरल और सहज था, उतना ही दृढ़ और संघर्षशील भी था। उन्होंने जो कहा, उसे अपने जीवन में करके दिखाया। मुख्यमंत्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने देश की सुरक्षा और खाद्य आत्मनिर्भरता दोनों को महत्वपूर्ण माना। उनके नेतृत्व में देश को यह संदेश मिला कि सीमाओं की रक्षा करने वाले जवान और देश के लिए अन्न पैदा करने वाले किसान, दोनों राष्ट्र की मजबूती के आधार हैं।

कार्यक्रम में कई लोग रहे मौजूद

गांधी आश्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री राकेश सचान, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा समेत कई लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों महापुरुषों की स्मृतियों को नमन करते हुए प्रदेश की जनता की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

ये भी पढ़ें:- UP में शुरू हुआ संचारी रोग नियंत्रण अभियान, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने दिखाई हरी झंडी, 12 अक्टूबर से घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *