https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

जंतर-मंतर पर SIR के खिलाफ प्रदर्शन, 500 से ज्यादा लोग हिरासत में, AAP-RJD नेताओं पर भी कार्रवाई

जंतर-मंतर पर SIR के खिलाफ प्रदर्शन, 500 से ज्यादा लोग हिरासत में, AAP-RJD नेताओं पर भी कार्रवाई

दिल्ली में गांधी जयंती के दिन जंतर-मंतर के आसपास राजनीतिक माहौल गरमा गया है। चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे विपक्षी नेताओं, छात्र संगठनों और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर की तरफ बढ़ने से रोका गया और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जंतर-मंतर और उसके आसपास से करीब 500 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। इनमें आम आदमी पार्टी के कई नेता और छात्र संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हैं।

सौरभ भारद्वाज समेत कई नेता हिरासत में

प्रदर्शन के दौरान AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, राज्यसभा सांसद संजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और विधायक संजीव झा समेत कई नेताओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं RJD सांसद मनोज झा भी प्रदर्शन में शामिल हुए। इसके अलावा AISA, SFI, NSUI और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिए जाने की खबर है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर अलग-अलग पुलिस स्टेशनों की ओर भेजा। जानकारी के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारियों को बदरपुर और बाहरी उत्तरी दिल्ली सहित अन्य पुलिस स्टेशनों में ले जाया गया हैं।

पुलिस ने क्यों रोका प्रदर्शन?

दरअसल, इस प्रदर्शन का ऐलान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR प्रक्रिया को लेकर किया गया था। प्रदर्शनकारी मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी थी और नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लगाए गए थे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की आशंका के चलते पुलिस ने सुबह से ही जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। जंतर-मंतर के आसपास बैरिकेडिंग की गई और प्रदर्शनकारियों को निर्धारित क्षेत्र की ओर जाने से रोका गया। रिपोर्टों के मुताबिक, सेंट्रल दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।

हिरासत से पहले क्या बोले सौरभ भारद्वाज?

हिरासत में लिए जाने से पहले सौरभ भारद्वाज ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वह अकेले जंतर-मंतर पहुंचे हैं और उनके घर के बाहर भी पुलिस बल तैनात है। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल होने के लिए लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पहुंचने की अपील की। भारद्वाज ने यह भी कहा कि अगर वह बिना किसी वाहन के मेट्रो से जंतर-मंतर पहुंच सकते हैं तो दूसरे लोग भी वहां पहुंच सकते हैं। बाद में उन्होंने पुलिस हिरासत से भी समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन जारी रखने की अपील की।

जंतर-मंतर के आसपास बढ़ाई गई निगरानी

प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर, संसद मार्ग और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई। पुलिस ने बैरिकेडिंग के साथ-साथ भीड़ की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाई। प्रदर्शनकारियों के एक समूह को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोककर दूसरी जगहों पर ले जाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदर्शन का एक हिस्सा बाद में जनपथ के आसपास भी नजर आया, जहां प्रदर्शनकारी जमा होकर नारेबाजी करते रहे। पुलिस लगातार लोगों को जंतर-मंतर और संसद मार्ग की तरफ जाने से रोकती रही।

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम के बीच SIR को लेकर विपक्षी दलों, छात्र संगठनों और चुनाव आयोग के बीच विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। जहां प्रदर्शनकारी चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं प्रशासन का जोर कानून-व्यवस्था और प्रतिबंधित क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित करने पर है।

ये भी पढ़ें:- जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, 11 मेट्रो स्टेशन बंद, जानें क्या है पूरा मामला

 

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *