दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर हुए पुलिसकर्मियों के विरोध प्रदर्शन के बाद विभाग में बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले DANIPS अधिकारी और ACP मनस्वी वशिष्ठ को गृह मंत्रालय ने निलंबित कर दिया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि 2 नवंबर को हुए प्रदर्शन में मनस्वी वशिष्ठ ने पुलिसकर्मियों को एकजुट किया था और वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी थी। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई की खबर से विभाग के भीतर विवाद और बढ़ने की आशंका है।
दरअसल, शाहदरा जिले में तैनात दो पुलिस अधिकारियों के तबादले के विरोध में सोमवार को करीब 150 पुलिसकर्मी दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर जुटे थे। इन अधिकारियों में ACP मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा थाने के तत्कालीन SHO इंस्पेक्टर अरुण कुमार शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के फैसले पर नाराजगी जताई और पुलिसकर्मियों के सम्मान तथा सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दे उठाए।

कौन हैं ACP मनस्वी वशिष्ठ?
मनस्वी वशिष्ठ DANIPS कैडर के अधिकारी हैं और मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले बताए जाते हैं। उन्होंने IIT खड़गपुर से पढ़ाई करने के बाद सिविल सेवा में कदम रखा। दिल्ली पुलिस में ACP के पद पर तैनात मनस्वी वशिष्ठ गांधी नगर सब-डिविजन के SDPO की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 28 अक्टूबर को उनका तबादला स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर विमेन एंड चिल्ड्रन (SPUWAC) में कर दिया गया था। इसी आदेश के तहत शाहदरा थाने के तत्कालीन SHO इंस्पेक्टर अरुण कुमार को भी सुरक्षा यूनिट भेजा गया था।
शाहदरा थाने की घटना से शुरू हुआ विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस थाने में हुई घटना से मानी जा रही है। उस दौरान वकील ललित बंसल के सिर में कथित तौर पर गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद थाने में वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच तनाव बढ़ गया। इसके विरोध में जिला अदालतों के वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।
वकीलों की ओर से घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही थी। इसी बीच ACP मनस्वी वशिष्ठ और इंस्पेक्टर अरुण कुमार के तबादले का आदेश जारी हो गया। पुलिसकर्मियों ने इस फैसले को वकीलों के दबाव में लिया गया कदम बताया। उनका आरोप था कि विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों का पक्ष सुने बिना अधिकारियों पर कार्रवाई की गई। इसी नाराजगी ने 2 नवंबर को विरोध प्रदर्शन का रूप ले लिया।
पुलिस मुख्यालय के बाहर जुटे जवान, मनस्वी ने संभाली कमान
सोमवार सुबह करीब 9 बजे से दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर पुलिसकर्मियों का जुटना शुरू हो गया। देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में जवान पहुंच गए। प्रदर्शन में वर्दीधारी और सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ महिला जवानों ने भी हिस्सा लिया।
इस दौरान ACP मनस्वी वशिष्ठ ने प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के बीच एकता और सम्मान बनाए रखने की बात कही। उनके संबोधन के बाद प्रदर्शन में शामिल जवानों ने एकजुट होकर अपनी मांगें वरिष्ठ अधिकारियों के सामने रखने का फैसला किया। प्रदर्शन के दौरान ‘पुलिस एकता जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए गए।
स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त नूपुर प्रसाद और DCP सचिन शर्मा समेत कई अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने की कोशिश की। भीड़ बढ़ने पर मुख्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई।

पुलिस आयुक्त से मुलाकात, रखी गईं कई मांगें
दोपहर करीब एक बजे ACP मनस्वी वशिष्ठ को पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार से बातचीत के लिए अंदर ले जाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मी भी मुख्यालय परिसर में पहुंच गए। करीब 45 मिनट तक चली बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों के सामने पुलिसकर्मियों की मांगें रखी गईं।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग थी कि शाहदरा थाने की घटना से जुड़े मामलों में दर्ज FIR को रद्द न किया जाए और उसमें नामजद लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। इसके अलावा, पुलिसकर्मियों ने मांग की कि थानों में घुसकर हंगामा करने या ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को धमकाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
उन्होंने अदालत परिसरों में शांति बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस टीम तैनात करने और पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले वकीलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ऐसे मामलों में बार काउंसिल से संबंधित कार्रवाई भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
कार्रवाई के बीच बढ़ सकता है विवाद
पुलिस आयुक्त से मुलाकात के बाद प्रदर्शनकारियों को मांगों पर विचार करने का आश्वासन मिला, लेकिन इसके बावजूद शाम तक मुख्यालय के बाहर नारेबाजी जारी रही। पुलिसकर्मियों ने साफ किया कि वे अपने सम्मान और विभाग के भीतर निष्पक्ष व्यवहार की मांग कर रहे हैं।
अब सूत्रों के हवाले से ACP मनस्वी वशिष्ठ के निलंबन की खबर सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में है। प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले अधिकारी पर कार्रवाई से पुलिसकर्मियों में नाराजगी बढ़ सकती है। हालांकि, निलंबन के आदेश और आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

