https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

SIR के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन पर BJP का पलटवार, यूपी के 6 क्षेत्रों में निकाली पदयात्रा, कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना

SIR के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन पर BJP का पलटवार, यूपी के 6 क्षेत्रों में निकाली पदयात्रा, कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना

BJP Padyatra: देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। विपक्ष के आरोपों और विरोध प्रदर्शनों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार, 3 नवंबर को उत्तर प्रदेश के छह क्षेत्रों में पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्राएं निकालीं। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की छवि खराब करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

 

भाजपा नेताओं का कहना है कि विपक्ष चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर देश में भ्रम का माहौल पैदा कर रहा है। वहीं, समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने भाजपा के इस अभियान को राजनीतिक दिखावा करार दिया है। उनका आरोप है कि भाजपा असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

लखनऊ में शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में निकली पदयात्रा

राजधानी लखनऊ में लोकभवन से सुबह करीब 11 बजे पदयात्रा की शुरुआत हुई। इसका रूट हजरतगंज स्थित परिवर्तन चौक से होते हुए स्टेडियम मेट्रो स्टेशन तक निर्धारित किया गया था। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी दिलीप पटेल और लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल समेत कई नेता मौजूद रहे।

 

पदयात्रा के दौरान सुषमा खर्कवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी लगातार अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है, जिसका अब जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर खुद वोट चोरी करने का आरोप भी लगाया। इसके लिए उन्होंने नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल के दौर का जिक्र करते हुए दावा किया कि पटेल को पीछे कर जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री बने थे। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इंडिया गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष ने देश को अराजकता के मुहाने पर खड़ा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद में अपनी बात रखने के बजाय सड़कों पर प्रदर्शन कर आम लोगों को परेशान कर रहा है। भाजपा इस पदयात्रा के जरिए विपक्ष की राजनीति को जनता के सामने उजागर करेगी।

भाजपा ने किया हजारों लोगों के जुटने का दावा

भाजपा की ओर से लखनऊ की पदयात्रा में 30 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। वहीं, लखनऊ और बरेली को मिलाकर 40 से 50 हजार लोगों की भीड़ जुटने की बात कही गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर सड़कों पर उतरे और कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की। बरेली में भी इसी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने किया।

भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

पदयात्रा के दौरान भाजपा के कई नेताओं ने विपक्षी दलों को निशाने पर लिया। भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने कहा कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने का काम कर रही है और इसे लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के चाल, चरित्र और चेहरे को अच्छी तरह पहचानती है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने विपक्ष पर लोकतंत्र को हाईजैक करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के मुताबिक ही चलेगा। वहीं, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है। विपक्ष आम नागरिकों और युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, इसी के विरोध में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं।

 

इसके अलावा अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा ने भी कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी भारतीयों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के मुताबिक, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) इस अभियान के जरिए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की राजनीति तथा उनके एजेंडे को जनता के सामने रखेगा। उन्होंने कहा कि इसका मकसद लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और कानून के शासन के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

सपा नेताओं ने पदयात्रा को बताया राजनीतिक ड्रामा

भाजपा के अभियान पर समाजवादी पार्टी ने भी पलटवार किया है। सपा नेता एसटी हसन ने कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि चुनाव में वोटों की चोरी हुई है और मतदान निष्पक्ष तरीके से नहीं कराया गया। उन्होंने मतदाता सूची से करीब 25 लाख वोट गायब होने का दावा करते हुए कहा कि जनता इसका जवाब देगी। इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। दूसरी ओर, सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को महज दिखावा और ड्रामा बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का लोकतंत्र से कोई वास्तविक सरोकार नहीं है।

SIR को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच बढ़ा टकराव

दरअसल, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर देश की राजनीति में लगातार बयानबाजी हो रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी दल चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोप लगाते रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि इस प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। इसके उलट भाजपा SIR को मतदाता सूची की सफाई और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की जरूरी प्रक्रिया बता रही है। पार्टी का आरोप है कि विपक्ष चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम पैदा कर रहा है।

5 नवंबर तक चलेगा भाजपा का अभियान

विपक्ष के SIR विरोध के जवाब में भाजपा ने देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू किया है। पार्टी के मुताबिक, अभियान का पहला चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसके तहत भाजपा कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर SIR के समर्थन, वोट चोरी के आरोपों और चुनाव आयोग की भूमिका पर पार्टी का पक्ष रखेंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले 12 अक्टूबर 2026 को राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, वाम दलों और अन्य विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने दिल्ली में बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला था। इसी दिन 12 विपक्षी दलों के 13 नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दाखिल की थी। विपक्ष लगातार चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठा रहा है। ऐसे में भाजपा की इस पदयात्रा को विपक्ष के आरोपों के जवाब में पार्टी की ओर से चलाए जा रहे राजनीतिक अभियान के तौर पर देखा जा रहा है।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *