https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

बाली में हादसे का शिकार हुईं एक्ट्रेस नुसरत भरूचा, रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, एयर एम्बुलेंस से मुंबई पहुंचीं एक्ट्रेस

बाली में हादसे का शिकार हुईं एक्ट्रेस नुसरत भरूचा, रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, एयर एम्बुलेंस से मुंबई पहुंचीं एक्ट्रेस

बॉलीवुड से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। एक्ट्रेस नुसरत भरूचा बाली में एक हादसे का शिकार हो गई हैं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। बाली में शुरुआती इलाज और मेडिकल निगरानी के बाद अब एक्ट्रेस को एयर एम्बुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया है। मुंबई पहुंचने के बाद नुसरत का आगे का इलाज किया जाएगा और डॉक्टर उनकी स्पाइन सर्जरी को लेकर जरूरी प्रक्रिया पूरी करेंगे। इस बीच सोशल मीडिया पर उनके मुंबई पहुंचने के कुछ वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वह स्ट्रेचर पर नजर आ रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, नुसरत भरूचा काम और छुट्टियां बिताने के सिलसिले में बाली गई थीं। इसी दौरान उनके साथ यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की और उन्हें निगरानी में रखा गया। शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की सलाह दी।

एयर एम्बुलेंस से मुंबई पहुंचीं नुसरत

बाली में इलाज के बाद नुसरत को बेहतर और आगे की मेडिकल देखभाल के लिए मुंबई लाने का फैसला किया गया। शुक्रवार, 2 अक्टूबर की रात उन्हें एयर एम्बुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया। एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो में नुसरत को स्ट्रेचर पर एम्बुलेंस तक ले जाते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य और करीबी लोग भी उनके साथ नजर आए। नुसरत की टीम की ओर से पहले ही उनकी हेल्थ को लेकर जानकारी साझा की गई थी। टीम ने बताया था कि बाली के डॉक्टरों ने जांच के बाद स्पाइन सर्जरी की सलाह दी है। अब मुंबई में उनके आगे के इलाज की तैयारी की जा रही है।

टीम ने जारी किया था आधिकारिक बयान

हादसे के बाद नुसरत की टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी कर उनकी स्थिति की जानकारी दी थी। टीम ने अपने बयान में बताया हैं कि एक्ट्रेस काम और छुट्टी के लिए बाली गई थीं, जहां वह दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का शिकार हो गईं और उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ। इसके साथ ही टीम ने लोगों और मीडिया से एक्ट्रेस की निजता का सम्मान करने की अपील की है, ताकि वह बिना किसी परेशानी के अपने इलाज और रिकवरी पर पूरा ध्यान दे सकें।

पहले भी शूटिंग के दौरान घायल हो चुकी हैं नुसरत

नुसरत भरूचा के साथ शूटिंग के दौरान चोट लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। अप्रैल 2023 में फिल्म ‘अकेली’ की शूटिंग के दौरान एक सीन फिल्माते समय वह संगमरमर के फर्श पर सिर के बल गिर गई थीं। इस घटना के बाद उन्हें चोट लगी थी। इसी साल ‘छोरी 2’ की शूटिंग के दौरान भी एक एक्शन सीन करते हुए नुसरत के चेहरे पर चोट लग गई थी। इस चोट के कारण उन्हें चेहरे और भौंह के पास टांके लगवाने पड़े थे। अब बाली में हुए हादसे के बाद एक बार फिर एक्ट्रेस की सेहत को लेकर उनके फैंस चिंतित हैं।

नुसरत के मंदिर जाने पर भी हुआ था विवाद

नुसरत भरूचा अपनी फिल्मों के अलावा पिछले कुछ समय में अपनी आध्यात्मिक यात्रा को लेकर भी चर्चा में रही हैं। पिछले साल वह उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंची थीं। उन्होंने महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में भी हिस्सा लिया था। मंदिर से अपनी तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने ‘जय श्री महाकाल’ लिखा था। इसके बाद ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उनके मंदिर जाने और हिंदू रीति-रिवाजों में शामिल होने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने इसे शरिया कानून के खिलाफ बताते हुए नुसरत को तौबा करने और कलमा पढ़ने की सलाह दी थी। उनके बयान के बाद यह मामला काफी चर्चा में रहा था।

टीवी से शुरू हुआ था एक्टिंग का सफर

नुसरत भरूचा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी। साल 2002 में वह टीवी शो ‘किट्टी पार्टी’ में नजर आई थीं। इसके बाद 2006 में फिल्म ‘जय संतोषी मां’ से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। हालांकि, उन्हें बड़ी पहचान 2011 में रिलीज हुई फिल्म ‘प्यार का पंचनामा’ से मिली, जिसमें उन्होंने रुतिका का किरदार निभाया था। इसके बाद ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ उनके करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल हुई। वह ‘ड्रीम गर्ल’, ‘छलांग’, ‘छोरी’, ‘जनहित में जारी’ और ‘राम सेतु’ जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। नुसरत को आखिरी बार ‘छोरी 2’ में देखा गया था। फिलहाल नुसरत के मुंबई पहुंचने के बाद उनके आगे के इलाज और स्पाइन सर्जरी पर सबकी नजर है। एक्ट्रेस के फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *