Bollywood News: बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। अजय देवगन की सस्पेंस फ्रेंचाइजी की यह तीसरी और आखिरी फिल्म है, जो गांधी जयंती के मौके पर 2 अक्टूबर को रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। एडवांस बुकिंग के आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि फिल्म को शानदार ओपनिंग मिल सकती है। हाल के दिनों में ‘हनुमान अंश’ और ‘मिर्जापुर’ जैसी फिल्मों को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। अब ‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ की रिलीज के साथ सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है।
36 हजार शो के लिए बिक चुके हैं 11 लाख से ज्यादा टिकट
Drishyam: the conclusion की एडवांस बुकिंग को लेकर सामने आए आंकड़े काफी मजबूत हैं क्योंकि फिल्म के करीब 36,000 शो के लिए 11 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। जिससे फिल्म ने एडवांस बुकिंग से ही करीब 19.71 करोड़ रुपये की टिकट बिक्री दर्ज कर ली है। इन आंकड़ों में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र 7.76 करोड़ रुपये की टिकट बिक्री के साथ सबसे आगे है। बेंगलुरु में भी रिलीज के दिन के कई शो तेजी से बुक हो रहे हैं। वहीं, मुंबई और कोलकाता जैसे शहरों में अभी उत्साह अपेक्षाकृत कम नजर आ रहा है, जबकि चेन्नई से फिल्म को लेकर कुछ सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।

60 देशों में 1,300 से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज होगी फिल्म
‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ को विदेशों में भी बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है। जिसके चलते विदेशों में भी फिल्म को लेकर काफी चर्चा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म 60 देशों में 1,300 से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज होगी। जिसके चलते इसे अजय देवगन की अब तक की सबसे व्यापक अंतरराष्ट्रीय रिलीज में से एक माना जा रहा है।
क्या अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग देगी फिल्म?
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की पिछली दोनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को देखें तो तीसरी फिल्म के लिए उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। पहली फिल्म ‘दृश्यम’ ने रिलीज के दिन 5.85 करोड़ रुपये कमाए थे और पहले वीकेंड में इसका कलेक्शन 37.95 करोड़ रुपये रहा था। इसके बाद साल 2022 में रिलीज हुई ‘दृश्यम 2’ ने 15.38 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। फिल्म ने पहले हफ्ते में 104.66 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फ्रेंचाइजी की पहली दो फिल्मों ने दुनियाभर में मिलकर करीब 453 करोड़ रुपये कमाए हैं। अब तीसरी फिल्म की एडवांस बुकिंग को देखते हुए यह सवाल उठ रहा है कि क्या ‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन पाएगी।
फिलहाल अजय देवगन की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में ‘सिंघम अगेन’ का नाम सबसे ऊपर है। 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म ने 52.20 करोड़ रुपये की ग्रॉस ओपनिंग की थी, जबकि इसका नेट कलेक्शन 43.50 करोड़ रुपये रहा था।
ये भी पढ़ें:- ‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक हुआ रिलीज, दूल्हा-दुल्हन के रूप में दिखे आयुष्मान खुराना और शरवरी
अक्षय खन्ना के बाहर होने के बाद बढ़ी थी चर्चा
‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ को लेकर अक्षय खन्ना के प्रोजेक्ट से बाहर होने के बाद भी काफी चर्चा हुई थी। जानकारी के मुताबिक, रचनात्मक मतभेदों और फीस से जुड़ी मांगों के चलते अक्षय खन्ना ने फिल्म से अलग होने का फैसला किया। इसके बाद फिल्म में जयदीप अहलावत की एंट्री हुई। हालांकि, वह अक्षय खन्ना के पुराने किरदार को नहीं निभा रहे हैं, बल्कि फिल्म में एक अलग भूमिका में नजर आएंगे। अब फ्रेंचाइजी की तीसरी और आखिरी कड़ी के तौर पर रिलीज हो रही ‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ में कहानी किस नए मोड़ पर पहुंचेगी और क्या यह दर्शकों को पहले से ज्यादा सस्पेंस और ट्विस्ट दे पाएगी, यह फिल्म रिलीज के बाद ही साफ होगा।
ये भी पढ़ें:- धुरंधर की सफलता के बाद अक्षय खन्ना का बड़ा निवेश, मुंबई में 33.26 करोड़ का आलीशान अपार्टमेंट खरीदा

