PF Withdrawal Rules: नौकरीपेशा लोगों के लिए पीएफ यानी प्रोविडेंट फंड से जुड़ी एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अगर आपको अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाए या नौकरी छूट जाए तो अब अपनी जमा पीएफ राशि निकालने के लिए पहले जितना इंतजार नहीं करना होगा, क्योंकि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पीएफ से पैसा निकालने के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। तो आइए आसान भाषा में समझते हैं कि EPFO के नए नियम क्या हैं और इनका फायदा किसे मिलेगा।
75% की जगह अब निकाल सकेंगे 90% पैसा
EPFO के नए बदलावों में सबसे बड़ा और अहम फैसला पीएफ निकासी की सीमा को लेकर है। पहले जहां 55 साल से कम उम्र के पात्र सदस्य अपने पीएफ खाते में जमा योग्य राशि का अधिकतम 75 फीसदी ही निकाल सकते थे। अब इस सीमा को बढ़ाकर 90 फीसदी कर दिया गया है। इसका मतलब है कि जरूरत पड़ने पर कर्मचारी अपनी जमा रकम का बड़ा हिस्सा इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि हर कर्मचारी बिना किसी शर्त के कभी भी 90 फीसदी पैसा निकाल सकता है। इसके लिए निकासी का कारण, पात्रता और EPFO के दूसरे नियम लागू रहेंगे।

बेरोजगार होने पर 12 महीने नहीं, सिर्फ 2 महीने करना होगा इंतजार
इन नए नियमों में नौकरी छूटने की स्थिति में भी बड़ी राहत दी गई है। पहले बेरोजगार होने पर पीएफ से पैसा निकालने के लिए कम से कम 12 महीने की EPF सदस्यता की शर्त थी। अब इस अवधि को घटाकर दो महीने कर दिया गया है। यानी EPFO की सदस्यता लेने के दो महीने बाद बेरोजगार होने की स्थिति में पात्र सदस्य पीएफ निकासी के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे उन लोगों को राहत मिलेगी, जिनकी नौकरी अचानक चली जाती है और उन्हें घर का खर्च चलाने के लिए पैसों की जरूरत होती है।
अब पीएफ निकासी के नियम होंगे आसान
पहले अलग-अलग जरूरतों के लिए पीएफ निकालने के कई नियम और अलग-अलग कैटेगरी थीं। इससे कई बार कर्मचारियों को यह समझने में परेशानी होती थी कि किस काम के लिए कितनी रकम निकाली जा सकती है। नए बदलाव के तहत निकासी के नियमों को तीन मुख्य कैटेगरी में बांटा गया है।
जरूरी जरूरतें: इसमें बीमारी का इलाज, बच्चों की पढ़ाई और शादी जैसे खर्च शामिल हैं।
घर से जुड़ी जरूरतें: मकान या फ्लैट खरीदना, जमीन लेना, घर बनवाना, होम लोन चुकाना और पुराने घर की मरम्मत जैसे काम शामिल हैं।
विशेष परिस्थितियां: अचानक आई आर्थिक परेशानी या अन्य तय विशेष परिस्थितियों में पीएफ निकालने की सुविधा मिलेगी।
किन कामों के लिए निकाल सकते हैं PF का पैसा?
EPFO के नियमों के तहत कर्मचारी अपनी और परिवार की कई जरूरी जरूरतों को पूरा करने के लिए पीएफ की आंशिक निकासी कर सकते हैं।
मेडिकल खर्च: खुद या परिवार के किसी सदस्य की बीमारी और इलाज के लिए।
बच्चों की पढ़ाई: अपनी या बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्चों के लिए।
शादी: अपनी, बच्चों या परिवार के अन्य पात्र सदस्यों की शादी के लिए।
घर खरीदना: नया मकान, फ्लैट या जमीन खरीदने के लिए।
मकान बनवाना: घर निर्माण, मरम्मत या होम लोन चुकाने के लिए।
विशेष जरूरत: किसी बड़ी आर्थिक परेशानी या तय आपातकालीन स्थिति में।
ध्यान रहे कि हर कैटेगरी के लिए निकासी की रकम और कितनी बार पैसा निकाल सकते हैं, इसकी अलग-अलग शर्तें लागू हो सकती हैं।
खाते में 10% पैसा रखना होगा जरूरी
EPFO ने निकासी की सीमा बढ़ाने के साथ यह भी ध्यान रखा है कि कर्मचारी अपनी पूरी रिटायरमेंट सेविंग्स समय से पहले खर्च न कर दें। नए नियमों के अनुसार खाते में कम से कम 10 फीसदी रकम बचाकर रखना जरूरी होगा। पहले न्यूनतम बैलेंस की सीमा 25 फीसदी थी। इसे घटाकर 10 फीसदी करने से अब कर्मचारी जरूरत पड़ने पर पहले के मुकाबले ज्यादा रकम निकाल सकेंगे। खाते में बची रकम पर ब्याज मिलता रहेगा, जिससे रिटायरमेंट के लिए कुछ बचत सुरक्षित रहेगी।


