नई दिल्ली: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक लगाने की मांग को लेकर शनिवार, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। प्रदर्शन से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूट्यूबर ध्रुव राठी समेत सैकड़ों समर्थकों को हिरासत में लिया है। वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को भी दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई है। प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। मेट्रो सेवाओं से लेकर सड़क यातायात तक पर सुरक्षा प्रतिबंध लगाए गए हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट से CJP के तीन संस्थापक हिरासत में
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से पहले पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि तीनों नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR पर रोक लगाने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे।इससे पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी समेत करीब 600 समर्थकों को भी राजधानी के अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिए जाने की खबर है।
ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित आवास से हिरासत में लिया
CJP के प्रदर्शन से पहले मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। ध्रुव राठी ने इससे पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दिल्ली आने की जानकारी दी थी। वह CJP के प्रदर्शन का समर्थन कर रहे थे और इसमें शामिल होने वाले थे।

दिल्ली में 38 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
बता दें कि CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, राजधानी में 38 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। नई दिल्ली जिले से लेकर दिल्ली की सीमाओं तक सुरक्षा बढ़ाई गई है। गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा से दिल्ली आने वाले प्रमुख रास्तों पर वाहनों की जांच की जा रही है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि संवेदनशील इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात हैं। कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर की ओर जाने वाले मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
45 मेट्रो स्टेशन बंद, यात्रियों की बढ़ सकती है परेशानी
प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद किए जाने की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह प्रतिबंध 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की शाम 6 बजे तक लागू रखने की योजना है। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। मेट्रो से यात्रा करने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की आधिकारिक एडवाइजरी जरूर देख लें। अलग-अलग स्टेशनों पर लागू प्रतिबंधों और इंटरचेंज की सुविधा की जानकारी के आधार पर ही यात्रा की योजना बनाना बेहतर होगा।

250 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द होने का दावा
CJP के प्रदर्शन को लेकर रेल यातायात प्रभावित होने की भी बात सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने वाली करीब 250 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें शनिवार को रद्द कर दी गई हैं। और यात्रियों को सलाह है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप पर जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके। साथ ही राजधानी के कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाए जाने की भी खबर है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इंडिया गेट के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रखने की बात कही गई है।
फिलहाल दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले हुई कार्रवाई ने राजनीतिक विरोध, मतदाता सूची की पारदर्शिता और कानून-व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है। एक तरफ संगठन SIR पर रोक और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है, वहीं पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं।

