उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलरामपुर जिले के उतरौला क्षेत्र स्थित कालूबनकट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 803 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए। कार्यक्रम में विकास योजनाओं, बुनियादी सुविधाओं और धार्मिक स्थलों के संरक्षण का जिक्र करने के साथ मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने सपा प्रमुख को अयोध्या से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह भी वहां से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।
अखिलेश को सीएम योगी की खुली चुनौती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विकास के मुद्दों पर घिरने के बाद अब विपक्षी नेता मुकाबले की बातें कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। सीएम योगी ने कहा कि अगर दोनों नेता आमने-सामने आते हैं, तो पता चल जाएगा कि किसमें कितना दम है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग माफिया के सामने नाक रगड़ते रहे, वे आज मुकाबले की बातें कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। उनका यह हमला ऐसे समय में सामने आया है, जब उत्तर प्रदेश में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिल रहे हैं।
अयोध्या, काशी और विंध्यवासिनी धाम के विकास पर जोर
सीएम योगी ने अयोध्या के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि वह बार-बार अयोध्या जाते हैं और यह उनके लिए पवित्र धाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अयोध्या में चल रहे विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके मुताबिक, अयोध्या करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा का केंद्र है, इसलिए यहां की विकास परियोजनाओं को गंभीरता से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने पहले जय श्रीराम के उद्घोष पर रोक लगाई थी, वही आज अयोध्या में हो रहे विकास कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी और मां विंध्यवासिनी धाम में चल रही परियोजनाओं का विरोध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास विजन का विरोध करने के समान है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित कर रही है।
10 साल में बलरामपुर को मिलीं 10 हजार करोड़ की परियोजनाएं
बलरामपुर के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में जिले में विकास परियोजनाओं के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की धनराशि भेजी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है और जिले में चल रही परियोजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा हैं। इसके अलावा सीएम योगी ने उतरौला के विधायक रामप्रताप वर्मा के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों का विस्तार, बिजली-पानी की बेहतर व्यवस्था और बाढ़ की समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।


