MLC Election Results 2026: देश के चार राज्यों में विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने सियासी दलों के लिए कई संदेश दिए हैं। उत्तर प्रदेश में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, तो महाराष्ट्र में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गढ़ नागपुर में जीत दर्ज कर सत्तारूढ़ महायुति को बड़ा झटका दिया। बिहार में एनडीए को चार सीटें मिलीं, जबकि कर्नाटक में बीजेपी और जेडीएस गठबंधन ने सभी चार सीटों पर जीत हासिल कर कांग्रेस का खाता तक नहीं खुलने दिया। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और कर्नाटक की कुल 28 विधान परिषद सीटों पर हुए चुनावों की मतगणना के बाद अब तस्वीर साफ हो गई है। आइए जानते हैं कि किस राज्य में किस पार्टी ने बाजी मारी और इन नतीजों के क्या सियासी मायने हैं।

उत्तर प्रदेश मे BJP-SP के बीच कांटे की टक्कर
उत्तर प्रदेश की विधान परिषद की 11 सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बीजेपी ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि समाजवादी पार्टी के खाते में छह सीटें गईं। खास बात यह रही कि वाराणसी स्नातक सीट पर सपा उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा ने बीजेपी के केदारनाथ सिंह को हराकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया।
मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के दिनेश कुमार गोयल ने सपा के प्रमेंद्र भाटी को हराया। लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के उमेश द्विवेदी ने सपा के सुशील कुमार को मात दी। आगरा खंड स्नातक सीट पर डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने सपा के शशांक यादव को हराया। मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से श्रीचंद शर्मा ने सपा के नितिन तोमर को शिकस्त दी। वहीं, बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक सीट पर डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने सपा के दानिश अख्तर को हराकर जीत हासिल की। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट पर बीजेपी के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव को 307 वोटों से हराया।
समाजवादी पार्टी ने लखनऊ खंड स्नातक सीट पर कांति सिंह के जरिए जीत दर्ज की। उन्होंने बीजेपी के इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह को हराया। वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने बीजेपी के प्रमोद मिश्रा को शिकस्त दी। वाराणसी स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा ने केदारनाथ सिंह को हराकर सपा के खाते में एक और सीट जोड़ी। आगरा खंड शिक्षक सीट पर डॉ. आकाश अग्रवाल ने बीजेपी के हरि किशोर तिवारी को हराया। वहीं, इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. मान सिंह यादव ने बीजेपी के अशोक कुमार राठौर को मात दी।
बिहार में NDA को मिली चार सीटें, निर्दलीयों का भी दबदबा
बिहार की आठ विधान परिषद सीटों के नतीजों में बीजेपी-जेडीयू गठबंधन ने चार सीटों पर जीत दर्ज की। राष्ट्रीय जनता दल को एक सीट मिली, जबकि जनसुराज और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार ने आरजेडी के दिलीप कुमार को 4,655 वोटों से हराया। दरभंगा स्नातक सीट पर बीजेपी के सर्वेश कुमार ने आरजेडी के अनिल कुमार झा को मात दी। तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा को 594 वोटों से हराया। कोसी स्नातक सीट पर बीजेपी के डॉ. एनके यादव ने आरजेडी के नितेश यादव को शिकस्त दी।

RJD, जनसुराज और निर्दलीयों को भी मिली जीत
पटना शिक्षक सीट पर आरजेडी के डॉ. संजीव सिंह ने बीजेपी के नवल किशोर यादव को हराकर पार्टी को एक सीट दिलाई। दरभंगा शिक्षक सीट पर जनसुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने जीत हासिल की। तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार बंशीधर ब्रजवासी ने जेडीयू के अभिषेक झा को 9,147 वोटों से हराया। वहीं, सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज विजयी रहे। बिहार के नतीजों में एनडीए ने अपनी बढ़त कायम रखी, लेकिन निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत ने यह भी दिखाया कि कुछ सीटों पर स्थानीय समीकरण और उम्मीदवारों की व्यक्तिगत पकड़ निर्णायक साबित हुई।
महाराष्ट्र में फडणवीस के गढ़ में कांग्रेस की जीत
महाराष्ट्र की पांच विधान परिषद सीटों के चुनाव में विपक्षी महा विकास आघाड़ी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सत्तारूढ़ महायुति को दो सीटें मिलीं। सबसे ज्यादा चर्चा नागपुर स्नातक सीट की रही, जहां कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी ने बीजेपी के सुधाकर कोहले को हराया। नागपुर को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का राजनीतिक गढ़ माना जाता है, ऐसे में कांग्रेस की यह जीत बीजेपी के लिए अहम झटका मानी जा रही है।
पुणे शिक्षक एमएलसी सीट पर बीजेपी के कौस्तुभ गावड़े ने शिवसेना के शिंदे गुट के समर्थन वाले सचिन सानप को हराया। अमरावती शिक्षक सीट पर शिंदे गुट की शिवसेना के उम्मीदवार किरण सरनाईक ने कांग्रेस की अदिति पोहरे को शिकस्त दी। नागपुर स्नातक सीट पर कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने बीजेपी उम्मीदवार सुधाकर कोहले को हराया। पुणे स्नातक सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट की हर्षदा देशमुख-जाधव ने बीजेपी की स्मिता जाधव को मात दी। छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर भी शरद पवार गुट की एनसीपी के डॉ. प्रतापसिंह पाटिल ने अजित पवार गुट के सतीश चव्हाण को हराकर जीत दर्ज की। महाराष्ट्र के नतीजों में महा विकास आघाड़ी की तीन सीटों पर जीत और नागपुर में कांग्रेस की सफलता ने राज्य की सियासत में विपक्ष के लिए नई उम्मीद पैदा की है।

कर्नाटक में BJP-JDS गठबंधन का क्लीन स्वीप
कर्नाटक में विधान परिषद की चार सीटों के चुनाव में बीजेपी और जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया। राज्य की सत्तारूढ़ कांग्रेस चारों सीटें हार गई और अपना खाता भी नहीं खोल सकी। उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर बीजेपी के शशील जी. नमोशी ने कांग्रेस के शरणप्पा मत्तूर को हराया। दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट पर बीजेपी के के.एम. सुरेश ने कांग्रेस के शशि हुलिकुंटे मुट्ट को मात दी। पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के एस.वी. संकानूर ने कांग्रेस के मोहन लिम्बिकाई को हराकर जीत दर्ज की। वहीं, बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीएस के ए.पी. रंगनाथ ने कांग्रेस के पुट्टन्ना को शिकस्त दी। कर्नाटक के इन नतीजों को कांग्रेस के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि राज्य की सत्ता में होने के बावजूद पार्टी विधान परिषद की चारों सीटों पर जीत हासिल नहीं कर सकी।
चार राज्यों के नतीजों से क्या निकला सियासी संदेश?
चार राज्यों के विधान परिषद चुनावों में अलग-अलग तस्वीर सामने आई है। उत्तर प्रदेश में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला रहा। बिहार में एनडीए ने चार सीटें जीतकर अपनी स्थिति मजबूत रखी, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों और जनसुराज को भी सफलता मिली। महाराष्ट्र में महा विकास आघाड़ी ने पांच में से तीन सीटें जीतकर महायुति को पीछे छोड़ा। वहीं कर्नाटक में बीजेपी-जेडीएस गठबंधन ने सभी चार सीटों पर जीत दर्ज कर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया। कुल मिलाकर, इन चुनावों ने यह संकेत दिया है कि विधान परिषद की सीटों पर स्थानीय समीकरण, उम्मीदवारों की पकड़ और राजनीतिक गठबंधन अहम भूमिका निभाते हैं।

