Kanpur : उत्तर प्रदेश के कानपुर में नकली नोटों के एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लाखों रुपये की नकली भारतीय करेंसी बरामद हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार करते थे और इसके बाद उन्हें बाजार में चलाने की कोशिश की जाती थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग से और कितने लोग जुड़े हुए हैं और अब तक कितनी नकली करेंसी बाजार में चलाई जा चुकी है।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से नकली नोटों के साथ उन्हें तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटिंग सामान भी मिला। आरोप है कि आरोपी पहले प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार करते थे। इसके बाद इन नोटों को असली करेंसी के बीच चलाने की कोशिश की जाती थी। पुलिस ने तलाशी के दौरान करीब 2.04 लाख रुपये की नकली करेंसी बरामद की हैं। इसके अलावा नोट तैयार करने से जुड़ा सामान भी जब्त किया गया हैं। इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच को और तेज कर दिया हैं।
रेलवे स्टेशन पर चलाते थे नकली नोट?
पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी नकली नोटों को चलाने के लिए रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों का इस्तेमाल करते थे। रेलवे स्टेशन पर हर दिन बड़ी संख्या में लोग टिकट, खाने-पीने की चीजों और दूसरी जरूरतों के लिए नकद भुगतान करते हैं। ऐसे में आरोपियों को नकली नोट इस्तेमाल करने का मौका मिल जाता था। हालांकि पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आरोपियों ने रेलवे स्टेशन के अलावा किन-किन जगहों पर नकली नोट चलाए और उनके निशाने पर कौन-कौन से इलाके थे।
कहां से आया प्रिंटर और बाकी सामान?
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट छापने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा प्रिंटर और अन्य सामान आरोपियों ने कहां से हासिल किया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नकली नोट तैयार करने की पूरी प्रक्रिया में और कौन-कौन लोग उनकी मदद कर रहे थे। आरोपियों से पूछताछ के जरिए पुलिस यह जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है कि नकली करेंसी तैयार करने के बाद उसे किस नेटवर्क के जरिए आगे पहुंचाया जाता था।
पहले कितनी करेंसी बाजार में उतारी?
इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि बरामद 2.04 लाख रुपये की नकली करेंसी के अलावा आरोपी इससे पहले कितने नकली नोट बाजार में चला चुके हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क की पुरानी गतिविधियों का भी पता लगाने में जुटी है। जांच में अगर दूसरे लोगों की भूमिका सामने आती है तो आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद नकली नोटों और प्रिंटिंग से जुड़े सामान की जांच भी की जा रही है। कानपुर में हुई यह कार्रवाई नकली करेंसी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। अब पुलिस का फोकस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने, नकली नोटों की सप्लाई का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने पर है।