UP Rajya Sabha Election: उत्तर प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। बीजेपी ने राज्य की 10 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनाव में आठ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूरी के बाद सोमवार को उम्मीदवारों की सूची जारी की गई। यूपी में राज्यसभा की इन सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर को होना है।

बीजेपी की ओर से जारी सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया गया है। इस सूची की खास बात यह है कि पार्टी ने कई ऐसे नेताओं को मौका दिया है, जिनकी पहचान संगठन और जमीनी राजनीति से जुड़ी रही है।
संगठन और क्षेत्रीय समीकरणों पर फोकस
बीजेपी की इस सूची में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह का नाम प्रमुखता से शामिल है। जोकि लोधी समाज से आते हैं और आंवला विधानसभा सीट से विधायक हैं वह राज्य सरकार में मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं राधाकांत ओझा इलाहाबाद हाई कोर्ट से जुड़े वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। इसके अलावा प्रकाश पाल उत्तर प्रदेश बीजेपी के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 हेतु निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। https://t.co/ra7duYMNre
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) October 5, 2026
वहीं विद्यासागर सोनकर बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और पूर्व सांसद रह चुके हैं। गोपी कृष्ण पांडेय लंबे समय से पार्टी के संगठनात्मक काम से जुड़े रहे हैं। वहीं प्रियंका सिंह रावत बाराबंकी से पूर्व लोकसभा सांसद हैं और पार्टी के प्रमुख महिला चेहरों में शामिल हैं।
राम प्रताप सिंह चौहान भी बीजेपी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। श्रुति गंगवार का नाम भी इस सूची में खास है। वह बरेली क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी रही हैं और वरिष्ठ बीजेपी नेता संतोष गंगवार की बेटी हैं। बीजेपी की सूची में दो महिला उम्मीदवारों को जगह मिली है।
हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को नहीं मिला टिकट
बीजेपी की नई सूची में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा का नाम शामिल नहीं है। दोनों ही उत्तर प्रदेश से मौजूदा राज्यसभा सदस्य हैं और उनका कार्यकाल समाप्त होने वाला है। ऐसे में पार्टी की ओर से दोबारा मौका नहीं दिए जाने को इस चुनाव की अहम बात माना जा रहा है।
दरअसल, पिछले कुछ समय से हरदीप सिंह पुरी समेत कई बड़े नामों को लेकर अटकलें चल रही थीं, लेकिन बीजेपी की अंतिम सूची में पार्टी ने संगठन से जुड़े नेताओं को प्राथमिकता दी। आठों नामों की घोषणा के साथ ही यूपी की राज्यसभा चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है।
सीएम योगी ने उम्मीदवारों को दी बधाई
उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रत्याशियों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उम्मीदवारों की जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया और 16 अक्टूबर को होने वाले मतदान पर हैं। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है। बीजेपी ने इनमें से आठ सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। अब चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ यह देखना अहम होगा कि बाकी सीटों पर कौन-कौन मैदान में उतरता है और राज्यसभा चुनाव में राजनीतिक समीकरण किस तरह आकार लेते हैं।

