https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे T20 में खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी! ईशान किशन के बाहर होने से बढ़ी उम्मीदें

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे T20 में खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी! ईशान किशन के बाहर होने से बढ़ी उम्मीदें

IND vs NZ 2nd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन चोट के कारण दूसरे टी20 मैच से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

ईशान किशन की चोट ऐसे समय में सामने आई है, जब भारतीय टीम सीरीज में अपनी बढ़त मजबूत करने की तैयारी कर रही है। पहले मुकाबले में जीत के बाद टीम इंडिया की नजर कल होने वाले दूसरे मैच में भी बेहतर प्रदर्शन करने पर होगी। वहीं, युवा वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है या नहीं, इस पर क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें टिकी हैं।

ईशान किशन को कैसे लगी चोट?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुताबिक, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान ईशान किशन के दाएं पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। उनकी चोट को लो-ग्रेड राइट एडडक्टर स्ट्रेन बताया गया है। यह जांघ के अंदरूनी हिस्से की मांसपेशियों से जुड़ी समस्या है, जो दौड़ने, दिशा बदलने और बल्लेबाजी के दौरान परेशानी पैदा कर सकती है। बीसीसीआई ने जानकारी दी कि मेडिकल टीम ईशान की चोट पर लगातार नजर रख रही है और उनकी रिकवरी की निगरानी कर रही है। चोट की वजह से वह दूसरे टी20 मुकाबले में नही खेल सकेंगे। हालांकि, सीरीज के बाकी मैचों में उनकी वापसी कब होगी, इसे लेकर स्थिति उनकी फिटनेस में सुधार के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

गौरतलब है कि ईशान किशन भारतीय टीम के लिए विकेटकीपिंग के साथ-साथ आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतर विकल्प भी हैं। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी टीम के बल्लेबाजी क्रम और विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी के लिहाज से अहम हो जाती है। ऐसे में टीम प्रबंधन को अब उनकी जगह उपयुक्त खिलाड़ी चुनने के साथ ही बल्लेबाजी क्रम में संतुलन बनाए रखने पर भी ध्यान देना होगा। भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने ईशान किशन की चोट को लेकर जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि ईशान को ग्रोइन क्षेत्र में खिंचाव की परेशानी थी। इसी कारण पहले टी20 मैच में उनके बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना पड़ा था और उन्हें अपेक्षाकृत बाद में बल्लेबाजी के लिए भेजा गया।

कोच के मुताबिक, ईशान की फिटनेस को लेकर स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं थी। इसलिए दूसरे मुकाबले में उनके खेलने की उम्मीद कम थी। चोट के कारण उन्हें बाहर रखने का फैसला टीम के लिए एहतियात के तौर पर भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि किसी खिलाड़ी को पूरी तरह फिट हुए बिना मैदान पर उतारने से परेशानी बढ़ सकती है।

क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा डेब्यू का मौका?

ईशान किशन के बाहर होने के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने की संभावना बढ़ गई है। महज 15 साल की उम्र में क्रिकेट जगत में अपनी पहचान बनाने वाले वैभव अपनी आक्रामक बल्लेबाजी शैली के लिए चर्चा में रहे हैं। अगर उन्हें दूसरे टी20 मैच में खेलने का अवसर मिलता है, तो यह उनके करियर के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव हो सकता है।

हालांकि, वैभव का दूसरे टी 20 मैच में शामिल होना अभी निश्चित नहीं माना जाना चाहिए। क्योंकि टीम प्रबंधन को यह देखना होगा कि उनकी बल्लेबाजी की भूमिका क्या होगी और मौजूदा संयोजन में उन्हें किस स्थान पर उतारना सबसे बेहतर रहेगा। इसके अलावा, टीम के पास उपलब्ध दूसरे खिलाड़ियों के विकल्पों पर भी विचार किया जा सकता है। वैभव सूर्यवंशी को अगले मैच में खिलाने को लेकर जो अटकले लगाई जा रही है उसी में कोच सितांशु कोटक ने भी संकेत दिया था कि ईशान के उपलब्ध नहीं होने पर वैभव मजबूत दावेदारों में शामिल हैं ऐसे में देखना यह भी होगा कि कल क्राइस्टचर्च के मैदान में वैभव सूर्यवंशी उतरते है या नही। क्योंकि वैभव के लिए यह अवसर केवल रन बनाने तक सीमित नहीं होगा बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तेज गेंदबाजी, नई परिस्थितियों और दबाव के बीच खेलने का अनुभव उनके आगे के करियर में उपयोगी साबित हो सकता है।

कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव को लेकर क्या कहा था?

बता दें कि पहले मुकाबले से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा था कि युवा खिलाड़ी को अपनी बारी का इंतजार करना होगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि वैभव के पास अभी काफी समय है और टीम में अवसर मिलने की प्रक्रिया परिस्थितियों तथा मौजूदा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी।

कप्तान के इस बयान से संकेत मिलता है कि टीम प्रबंधन युवा खिलाड़ियों को मौका देने के साथ टीम के मौजूदा संतुलन को भी महत्व दे रहा है। हालांकि, ईशान किशन की चोट के बाद परिस्थितियां बदल गई हैं। ऐसे में वैभव को शामिल करने का विकल्प पहले से ज्यादा प्रासंगिक हो सकता है।

कब और कहां खेला जाएगा दूसरा टी20 मुकाबला?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 24 अक्टूबर, शनिवार को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा। इस मैच के लिए टॉस दोपहर 12 बजे और मुकाबले की शुरुआत दोपहर 12:30 बजे होनी है। इस मैच में भारतीय टीम की कोशिश सीरीज में अपनी स्थिति मजबूत करने की होगी। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर वापसी करना चाहेगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबले में बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी और फील्डिंग भी अहम भूमिका निभा सकती है।

ये भी पढ़ें:- संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी, भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सीरीज में बनाई बढ़त

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *