शाम की चाय के साथ अगर कुछ चटपटा और कुरकुरा खाने का मन हो, तो स्प्रिंग रोल से बेहतर भला क्या हो सकता है? बाहर से गोल्डन और क्रिस्पी, जबकि अंदर से कुरकुरी सब्जियों की स्वादिष्ट फिलिंग के साथ। स्प्रिंग रोल बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को पसंद आते हैं। लेकिन घर पर इन्हें बनाते समय अक्सर दो दिक्कतें आती हैं। कभी रोल की शीट खुल जाती है तो कभी फ्राई करने के बाद वह उतनी क्रिस्पी नहीं रहती। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो शेफ रणवीर बरार के बताए तरीके से आप इसे बेहतर तरीके से तैयार कर सकते हैं।
स्प्रिंग रोल बनाने के लिए सामग्री
फिलिंग के लिए
– 1 कप बारीक कटी पत्तागोभी
– 1/2 कप कद्दूकस की हुई गाजर
– 1/2 कप बारीक कटी शिमला मिर्च
– 1/4 कप बारीक कटी फ्रेंच बीन्स
– 1-2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
– 1 छोटा चम्मच बारीक कटा अदरक
– 1 छोटा चम्मच बारीक कटा लहसुन
– 1-2 चम्मच लाइट सोया सॉस
– 1 चम्मच रेड चिली सॉस
– 1/2 चम्मच कुटी हुई काली मिर्च
– स्वादानुसार नमक
– 1 चुटकी चीनी
– 1-2 चम्मच तेल
रोल के लिए
– स्प्रिंग रोल शीट
– 2 बड़े चम्मच मैदा
– जरूरत के अनुसार पानी
– तलने के लिए तेल
सबसे पहले तैयार करें वेजिटेबल फिलिंग
इसके लिए कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके अदरक-लहसुन और हरी मिर्च को हल्का भूनें। अब इसमें बारीक कटी या कद्दूकस की हुई गाजर, पत्तागोभी, शिमला मिर्च और फ्रेंच बीन्स डालें। सब्जियों को तेज आंच पर थोड़ी देर पकाना जरूरी है। इन्हें पूरी तरह गलाने के बजाय हल्का क्रंच रहने दें। इसके बाद नमक, थोड़ी चीनी, कुटी काली मिर्च, लाइट सोया सॉस और रेड चिली सॉस डालकर अच्छी तरह मिलाएं। फिलिंग तैयार होने के बाद उसे ठंडा होने दें। गर्म फिलिंग को सीधे शीट में भरने से रोल की बनावट प्रभावित हो सकती है।
रोल को क्रिस्पी बनाने में सीलिंग का बड़ा रोल
अब स्प्रिंग रोल शीट को डीफ्रॉस्ट करके तैयार रखें। शीट को सूखने से बचाने के लिए उसे गीले कपड़े से ढककर रखा जा सकता है। रोल को बंद करने के लिए मैदा और पानी का गाढ़ा घोल तैयार करें। शीट के बीच में थोड़ी-सी फिलिंग रखें, दोनों किनारों को अंदर की ओर मोड़ें और फिर इसे कसकर रोल करें। आखिरी हिस्से पर मैदा का घोल लगाकर अच्छी तरह सील कर दें।
यही स्टेप बेहद अहम है, क्योंकि सही तरीके से सील किया गया रोल तेल में डालने के बाद खुलने की संभावना कम करता है।
अब आएगी क्रिस्पी फिनिश
कड़ाही में तेल गर्म करें और स्प्रिंग रोल को मीडियम-हाई फ्लेम पर डीप फ्राई करें। इन्हें तब तक तलें जब तक बाहर की परत सुनहरी और कुरकुरी न हो जाए। तले हुए रोल को टिशू या अब्जॉर्बेंट पेपर पर निकालें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। इन्हें गर्मागर्म चिली सॉस या अपनी पसंद की डिप के साथ सर्व करें।
तो अगली बार बाजार से स्प्रिंग रोल मंगाने के बजाय घर पर ही ये रेस्टोरेंट-स्टाइल स्नैक ट्राई कर सकते हैं। सही फिलिंग, शीट की अच्छी सीलिंग और उचित तापमान पर फ्राई करना—इन तीन चीजों का ध्यान रखेंगे तो रोल ज्यादा कुरकुरे और स्वादिष्ट बनेंगे।