क्रिकेट का ‘मक्का’ कहा जाने वाला लॉर्ड्स का मैदान (लंदन) क्रिकेट के इतिहास में कई यादगार मुकाबलों का गवाह रहा है। फिर चाहे बात 1983 के उस ऐतिहासिक वर्ल्ड कप फाइनल की हो, जब भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर पहली बार विश्व कप जीता था, या फिर 2019 के उस रोमांचक फाइनल की, जब इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला टाई होने के बाद सुपर ओवर तक पहुंचा था। लॉर्ड्स ने कई ऐतिहासिक घटनाएं देखी हैं। लेकिन इस बार लॉर्ड्स के मैदान पर चर्चा किसी खेल या खिलाड़ी के प्रदर्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच के दौरान इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू तक आ गई। जिसने मुकाबले के बीच राजनीतिक और मानवीय मुद्दे को भी सुर्खियों में ला दिया।
लॉर्ड्स में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच के दौरान क्रिकेट और राजनीति दोनों एक बार फिर आमने-सामने नजर आए। मैच के पहले दिन लंच ब्रेक के दौरान पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज क्रिकेटर इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू प्रसारित किए जाने को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और ब्रॉडकास्टर Sky Sports के बीच विवाद खड़ा हो गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, PCB ने इस इंटरव्यू के प्रसारण पर कड़ी आपत्ति जताई और यहां तक कहा कि अगर इसे टीवी पर दिखाया गया तो पाकिस्तानी टीम मैच के दूसरे सेशन में मैदान पर नहीं उतरेगी।
माइक एथरटन ने लिया इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और मौजूदा Sky Sports कमेंटेटर माइक एथरटन ने बुधवार सुबह लॉर्ड्स के राइटर्स रूम में इमरान खान के बेटों सुलेमान खान और कासिम खान से बातचीत की थी। यह इंटरव्यू क्रिकेट से जुड़े किसी सामान्य विषय तक सीमित नहीं था, बल्कि बातचीत के दौरान इमरान खान की मौजूदा स्थिति और उनकी सेहत का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। इंटरव्यू में दोनों भाइयों ने अपने पिता को लेकर अपनी चिंता और भावनाएं खुलकर व्यक्त कीं। दोनों ने कहा कि उन्हें अपने पिता की जान को लेकर डर है। इमरान खान पिछले करीब तीन साल से जेल में हैं और उनके परिवार की ओर से लगातार उनके स्वास्थ्य तथा उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जाती रही है।
वहीं, Sky Sports ने इस इंटरव्यू को टेस्ट मैच से पहले एक टीजर के जरिए प्रमोट भी किया था। हालांकि, पाकिस्तान में मैच का प्रसारण करने वाले PTV ने इस बातचीत को प्रसारित नहीं करने का फैसला किया।
लंच ब्रेक में बढ़ा विवाद
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को जब इस इंटरव्यू के प्रसारण की जानकारी मिली तो उसने लंच ब्रेक से पहले Sky Sports से संपर्क किया। PCB की ओर से इंटरव्यू को लेकर आपत्ति जताई गई और ब्रॉडकास्टर से इसे प्रसारित नहीं करने को कहा गया। मामला इतना बढ़ गया कि PCB ने कथित तौर पर चेतावनी दी कि अगर इमरान खान के बेटों वाला इंटरव्यू प्रसारित किया गया, तो पाकिस्तान की टीम लंच के बाद मैदान पर वापस नहीं आएगी।
Sky Sports ने शुरुआत में इंटरव्यू के प्रसारण में देरी की, लेकिन बाद में करीब 18 मिनट का यह सेगमेंट प्रसारित कर दिया। हालांकि, इंटरव्यू के प्रसारण के बावजूद पाकिस्तान की टीम ने मैच का बहिष्कार नहीं किया और लंच के बाद दूसरे सेशन के लिए मैदान पर वापस लौट आई। इसके बाद मुकाबला सामान्य रूप से जारी रहा।
इमरान खान की सेहत को लेकर परिवार चिंतित
इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर पिछले कुछ समय से उनके परिवार की चिंता लगातार सामने आती रही है। उनके बेटे सुलेमान और कासिम विदेश में रहते हुए अपने पिता के लिए बेहतर मेडिकल सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इमरान खान को पर्याप्त और भरोसेमंद चिकित्सा देखभाल मिलनी चाहिए। इसी बीच, इमरान खान की मेडिकल सुविधाओं को लेकर पाकिस्तान में कानूनी विवाद भी सामने आया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सप्ताह पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें इस्लामाबाद के शिफा अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश दिया था।
हालांकि, उनके परिवार का आरोप है कि अदालत के आदेश के बावजूद इमरान खान को शिफा अस्पताल ले जाने के बजाय पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी PIMS ले जाया गया। परिवार के मुताबिक, वहां जांच के बाद उन्हें दोबारा जेल भेज दिया गया। इमरान खान की बहनों और उनके बेटों ने इस मामले पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि उन्हें अपने पिता के भरोसेमंद निजी डॉक्टर से मिलने की अनुमति दी जाए। परिवार का कहना है कि इमरान की स्वास्थ्य स्थिति को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और उन्हें जरूरी चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
फिलहाल PCB और Sky Sports के बीच हुआ यह विवाद महत्वपूर्ण है क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रसारण अधिकार, खिलाड़ियों की उपलब्धता और बोर्ड की जिम्मेदारियां बेहद संवेदनशील मुद्दे होते हैं। वहीं दूसरी तरफ किसी पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान के सबसे लोकप्रिय क्रिकेट चेहरों में शामिल इमरान खान से जुड़ा मामला राजनीतिक रूप से भी बेहद संवेदनशील है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि खेल आयोजनों के दौरान राजनीतिक और मानवीय मुद्दों से जुड़े कंटेंट के प्रसारण की सीमाएं क्या होनी चाहिए।