भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बड़ा फैसला लेते हुए सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। 2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारत को ऐतिहासिक खिताब दिलाने वाली हरमनप्रीत ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपने फैसले की जानकारी दी। हालांकि, कप्तानी से हटने के बावजूद वह भारतीय टीम के लिए बतौर खिलाड़ी खेलना जारी रखेंगी। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि हरमनप्रीत के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कमान किस खिलाड़ी को सौंपी जाएगी।
BCCI की रिव्यू मीटिंग के बाद आया फैसला
दरअसल हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने का फैसला BCCI की अहम समीक्षा बैठक के बाद सामने आया है। सोमवार को गुवाहाटी में भारतीय महिला टीम के साथ रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई थी। इस बैठक में हरमनप्रीत कौर, उप-कप्तान स्मृति मंधाना और मुख्य कोच अमोल मजूमदार शामिल हुए थे। इस बैठक की अध्यक्षता BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने की थी।
हाल ही में हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल भी जीता था। ऐसे में उनका अचानक कप्तानी छोड़ने का फैसला क्रिकेट फैंस के लिए काफी दुखद खबर है हालांकि, उन्होंने अपने बयान में साफ कर दिया है कि उनका क्रिकेट से संन्यास लेने का कोई फैसला नहीं है और वह बतौर खिलाड़ी टीम के साथ बनी रहेंगी।

भावुक पोस्ट में हरमनप्रीत ने कही बड़ी बात
कप्तानी छोड़ने की जानकारी देते हुए हरमनप्रीत कौर ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा और भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने कहा कि सभी फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी से हटना उनके लिए आसान फैसला नहीं था। इस जिम्मेदारी के दौरान उन्हें कई यादगार पल मिले, लेकिन इसके साथ ही कई मुश्किल दौर और चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। हरमनप्रीत ने कहा कि उन्होंने भारतीय टीम और महिला क्रिकेट को अपना पूरा समय, मेहनत और ऊर्जा दी। कई बार उन्हें अपनी व्यक्तिगत परफॉर्मेंस, निजी महत्वाकांक्षाओं और अपनी ग्रोथ को पीछे रखना पड़ा, क्योंकि उनके लिए टीम हमेशा सबसे ऊपर रही।
उन्होंने यह भी बताया कि कप्तान के तौर पर उन्हें कई ऐसे फैसले लेने पड़े, जो हमेशा आसान नहीं थे। कुछ फैसलों को लेकर आलोचना भी हुई और कई बार उनकी व्यक्तिगत कीमत भी चुकानी पड़ी। इसके बावजूद उनका उद्देश्य हमेशा टीम को मजबूत बनाना और साथी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देना रहा। अपने पोस्ट में हरमनप्रीत ने टीम के मुश्किल दौर का भी जिक्र किया। उन्होंने हार, निराशा, आलोचना और ऐसे समय को याद किया जब चीजें टीम के मुताबिक नहीं हुईं। वहीं, उन्होंने जीत, जश्न और देश का प्रतिनिधित्व करने के गौरव को भी अपने सफर का अहम हिस्सा बताया।
हरमनप्रीत ने कहा कि अब वह भावुक जरूर हैं, लेकिन उन्हें इस बात की खुशी और संतोष है कि भारतीय महिला टीम एक अच्छी स्थिति में है। टीम के पास प्रतिभा, आत्मविश्वास और भविष्य के लिए मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि वह इस टीम को आगे बढ़ते हुए देखने और उसका हिस्सा बने रहने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने टीम की खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, BCCI, अपने परिवार और फैंस का भी शुक्रिया अदा किया। हरमनप्रीत ने अपने पोस्ट के अंत में साफ किया कि कप्तानी का अध्याय भले ही समाप्त हो रहा है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए उनका प्यार हमेशा बना रहेगा। अब वह एक बार फिर खेल के प्यार के लिए मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं।

स्मृति मंधाना क्यों हैं सबसे मजबूत दावेदार?
बता दें कि हरमनप्रीत के कप्तानी छोड़ने के बाद स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। मंधाना लंबे समय से भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं और तीनों फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही हैं। वह कई वर्षों तक हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम की उप-कप्तान की भूमिका भी निभा चुकी हैं। इससे उन्हें टीम की रणनीति, ड्रेसिंग रूम और नेतृत्व की जिम्मेदारियों का अच्छा अनुभव है। ऐसे में अगर BCCI उन्हें कप्तान बनाने का फैसला करता है तो यह भारतीय महिला क्रिकेट में नेतृत्व परिवर्तन का बड़ा कदम होगा। हालांकि, BCCI की ओर से अभी नए कप्तान के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
हरमनप्रीत की कप्तानी का सफर
37 वर्षीय हरमनप्रीत कौर ने करीब एक दशक तक भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी की। उन्हें 2016 में पहली बार टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। उनके नेतृत्व में भारत ने कई महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में सफलता हासिल की। उनकी कप्तानी का सबसे बड़ा पड़ाव 2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप रहा, जहां भारतीय टीम ने पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा उनकी कप्तानी में भारत ने एशियन गेम्स में लगातार दो गोल्ड मेडल भी जीते। हरमनप्रीत के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी दर्ज हैं और उन्हें 2017 में अर्जुन अवॉर्ड तथा 2026 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया।


