Salman Khan: बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान अब बड़े पर्दे के साथ-साथ यूट्यूब पर भी अपने खास अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। अभिनेता ने अपना आधिकारिक यूट्यूब चैनल लॉन्च कर दिया है। इस चैनल के जरिए फैंस को उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ की झलक देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि सलमान ने अपने पहले वीडियो में ही कुछ ऐसा अंदाज दिखाया है, जिसे देखकर फैंस भी हैरान हैं। क्योंकि इस वीडियो वह खुद ही टीचर बने हैं और खुद ही स्टूडेंट की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। सलमान खान ने अपने यूट्यूब चैनल की शुरुआत एक दिलचस्प टीजर के साथ की। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर चैनल का लिंक साझा करते हुए लिखा, ‘शुरू से शुरू करते हैं… मेरा ऑफिशियल यूट्यूब चैनल। A से Z तक सब यहां मिलेगा।’ अभिनेता के इस ऐलान के बाद उनके प्रशंसकों के बीच नए चैनल को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

‘बीइंग सलमान खान’ नाम से लॉन्च किया चैनल
सलमान खान के आधिकारिक यूट्यूब चैनल का नाम ‘बीइंग सलमान खान’ है। चैनल के बायो में उन्होंने खुद को फिल्म एक्टर, आर्टिस्ट, पेंटर और ह्यूमैनिटेरियन बताया है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए वह अपने अभिनय, बॉडी लैंग्वेज, डायलॉग डिलीवरी और पर्दे पर नजर आने वाले अपने खास अंदाज से जुड़ा कंटेंट साझा करेंगे। इसके अलावा चैनल की खासियत यह है कि यहां दर्शकों को सलमान के अभिनय के पीछे की छोटी-छोटी बारीकियां भी देखने को मिल सकती हैं।
पहले वीडियो में सलमान का डबल रोल
यूट्यूब चैनल लॉन्च करते ही सलमान खान ने अपना पहला वीडियो भी शेयर कर दिया। इस वीडियो में वह बॉडी पार्ट्स के नाम सिखाते हुए दिखाई देते हैं। दिलचस्प बात यह है कि वीडियो में टीचर और स्टूडेंट दोनों का किरदार सलमान ने खुद निभाया है। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘सलमान सर की क्लास: बॉडी पार्ट्स, टीचर भी मैं और स्टूडेंट भी मैं।’ अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आ रहे सलमान का यह वीडियो मनोरंजन के साथ-साथ उनके अभिनय की झलक भी पेश करता है। जानकारी के मुताबिक, सलमान ने इस वीडियो को पहले ही रिकॉर्ड कर लिया था और अब इसे अपने आधिकारिक चैनल पर साझा किया है।
फैंस के बीच बढ़ी चैनल को लेकर उत्सुकता
सलमान खान के यूट्यूब पर कदम रखने के बाद फैंस की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। उनके पहले वीडियो पर यूजर्स मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। किसी ने उन्हें ‘द ओजी सलमान खान’ कहा, तो किसी ने लिखा कि उन्हें अभिनेता के यूट्यूब चैनल लॉन्च करने की उम्मीद नहीं थी। वहीं, एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘वेलकम सलू भाई ऑन यूट्यूब।’
चैनल लॉन्च होने के शुरुआती समय में ही इसके सब्सक्राइबर्स की संख्या तेजी से बढ़ी। जानकारी के मुताबिक, शुरुआती आंकड़ों में चैनल के सब्सक्राइबर्स 31 हजार से अधिक बताए गए थे, जबकि एक अन्य अपडेट में यह संख्या 34 हजार के आसपास पहुंचने की बात कही गई। गौरतलब है कि सलमान खान पहले से ही सोशल मीडिया पर बड़ी फैन फॉलोइंग रखते हैं। इंस्टाग्राम और एक्स पर उनके करोड़ों फॉलोअर्स हैं। ऐसे में यूट्यूब पर उनकी एंट्री को फैंस से सीधे जुड़ने की दिशा में एक और कदम माना जा रहा है।
दूसरे सितारे भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय
बता दें कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी बढ़ाने का चलन फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में लगातार बढ़ रहा है। जिसमें साउथ सिनेमा के अल्लू अर्जुन और मोहनलाल जैसे सितारों के भी यूट्यूब चैनल हैं। वहीं, टीवी जगत से जुड़े दीपिका कक्कड़, शोएब इब्राहिम, जन्नत जुबैर और अनुष्का सेन जैसे कलाकार व्लॉग, लाइफस्टाइल वीडियो और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कंटेंट के जरिए दर्शकों से जुड़ते हैं। यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म कलाकारों को पारंपरिक फिल्मों और टेलीविजन से अलग अपने प्रशंसकों तक पहुंचने का अवसर देते हैं। ऐसे में सलमान खान की डिजिटल दुनिया में एंट्री उनके फैंस के लिए एक नया अनुभव हो सकती है।
इन फिल्मों में नजर आएंगे सलमान खान
बता दें कि सलमान खान फिल्मों और टेलीविजन दोनों में सक्रिय हैं। वह फिलहाल रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ को होस्ट कर रहे हैं। इसके अलावा वह फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आने वाले हैं, जिसका निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं। कुल मिलाकर, सलमान खान का यूट्यूब चैनल उनके प्रशंसकों के लिए फिल्मों से इतर उन्हें देखने का एक नया जरिया बन सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाईजान अपने इस नए डिजिटल मंच पर किस तरह का कंटेंट लेकर आते हैं और उनका यह अंदाज दर्शकों के बीच कितना लोकप्रिय होता है।
ये भी पढ़ें:- Bollywood News: रिलीज से पहले ही छाई अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम: द कंक्लूजन’, 36 हजार शो के लिए बिके 11 लाख टिकट

