आज ही छोड़िए बाजार का एलोवेरा जेल! घर पर ऐसे करें तैयार, जानें बनाने का सही तरीका

आज ही छोड़िए बाजार का एलोवेरा जेल! घर पर ऐसे करें तैयार, जानें बनाने का सही तरीका

गर्मी के मौसम में तेज धूप और पसीने की वजह से त्वचा अक्सर रूखी, बेजान और चिपचिपी नजर आने लगती है। ऐसे में एलोवेरा जेल स्किन को ठंडक और नमी देने के साथ उसे हाइड्रेटेड रखने में मदद कर सकता है। और न केवल गर्मी बल्कि हर मौसम में एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करना फायदेमंद होता है यही वजह है कि एलोवेरा जेल को स्किनकेयर से लेकर हेयरकेयर तक काफी पसंद किया जाता है। इसे त्वचा पर लगाने से रूखेपन को कम करने और त्वचा को मुलायम बनाए रखने में मदद मिल सकती है, वहीं बालों में इस्तेमाल करने पर स्कैल्प को मॉइस्चराइज करने में मदद मिलती है।

हालांकि, बाजार में मिलने वाले एलोवेरा जेल में प्रिजर्वेटिव और दूसरे अतिरिक्त ingredients मौजूद हो सकते हैं। ऐसे में अगर आप बिना ज्यादा झंझट के घर पर ही ताजा और नेचुरल एलोवेरा जेल बनाना चाहते हैं, तो इसका तरीका बेहद आसान है। कुछ आसान चीजों की मदद से आप कुछ ही मिनटों में फ्रेश एलोवेरा जेल तैयार कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं घर पर एलोवेरा जेल कैसे बनाएं, किस तरह की स्किन के लिए यह बेहतर हो सकता है और किस तरह स्टोर कर सकते है।

एलोवेरा जेल बनाने के लिए चाहिए ये चीजें

2 से 3 मोटी और ताजी एलोवेरा की पत्तियां

1 छोटा चम्मच गुलाब जल

2 विटामिन-E कैप्सूल

मिक्सी या ब्लेंडर

साफ और सूखी कांच की शीशी

घर पर ऐसे बनाएं एलोवेरा जेल

सबसे पहले एलोवेरा की ताजी पत्तियों को काटकर करीब 15 से 20 मिनट तक सीधा खड़ा करके रख दें। इससे पत्ती से निकलने वाला पीला पदार्थ बाहर निकलने में मदद मिलती है। इसके बाद पत्तियों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। अब एलोवेरा की पत्ती के दोनों किनारों पर मौजूद कांटेदार हिस्से को चाकू से सावधानीपूर्वक काटकर हटा दें। इसके बाद ऊपर की हरी परत को धीरे-धीरे छील लें। फिर चम्मच की मदद से अंदर मौजूद पारदर्शी जेल को निकालकर एक साफ कटोरी में रख लें।

अब इस जेल को मिक्सी या ब्लेंडर में डालकर कुछ सेकंड के लिए ब्लेंड करें। फिर इसमें गुलाब जल और विटामिन-E कैप्सूल का तेल मिलाया जा सकता है। सभी चीजों को अच्छी तरह ब्लेंड करने के बाद आपको स्मूद और हल्का जेल जैसा मिश्रण मिल जाएगा।

किस तरह की स्किन के लिए हो सकता है फायदेमंद?

एलोवेरा जेल त्वचा पर हल्का महसूस होता है, इसलिए इसे खासतौर पर ऑयली और कॉम्बिनेशन स्किन वाले लोग इस्तेमाल कर सकते हैं। ड्राई स्किन वाले लोग भी इसे अपनी स्किनकेयर रूटीन में शामिल कर सकते हैं, लेकिन इसके बाद मॉइस्चराइजर लगाना बेहतर रहता है। अगर आपकी त्वचा सेंसिटिव है या मुंहासे होने की समस्या रहती है, तो चेहरे पर इस्तेमाल करने से पहले हाथ के किसी छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर करें। जलन, खुजली या लालिमा जैसी परेशानी होने पर इसका इस्तेमाल बंद कर दें।

एलोवेरा जेल कैसे स्टोर करें?

घर पर बनाए गए एलोवेरा जेल में आमतौर पर कॉस्मेटिक प्रिजर्वेटिव नहीं होते। इसलिए इसे साफ और सूखी एयरटाइट कांच की शीशी में भरकर फ्रिज में रखें और कम समय में इस्तेमाल करें। इसके अलावा अगर जेल में बदबू, रंग या बनावट में बदलाव दिखाई दे तो उसे इस्तेमाल न करें। इस तरह बाजार से तैयार जेल खरीदने के बजाय आप ताजी एलोवेरा की पत्ती से घर पर ही जेल तैयार कर सकते हैं। बस इसे बनाते और स्टोर करते समय साफ-सफाई का खास ध्यान रखें।

ये भी पढ़े:- 30 की उम्र के बाद महिलाओं की सेहत के लिए जरूरी हैं ये पोषक तत्व, डाइट में शामिल करने से मिलेंगे कई फायदे

 

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *