माखन-मिश्री के साथ कान्हा को लगाएं धनिया पंजीरी का भोग, ऐसे बनाएं झटपट और आसान रेसिपी

माखन-मिश्री के साथ कान्हा को लगाएं धनिया पंजीरी का भोग, ऐसे बनाएं झटपट और आसान रेसिपी

Janmashtami 2026: कृष्ण जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी का त्योहार इस बार 4 सितंबर को मनाया जाएगा। इस दिन देशभर में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता है कि जन्माष्टमी पर कान्हा के जन्म के बाद उन्हें तरह-तरह के भोग लगाए जाते हैं और भक्त अपने आराध्य को प्रसाद अर्पित कर उनका आशीर्वाद लेते हैं। इन्हीं पारंपरिक प्रसादों में से एक है धनिया पंजीरी। जिसका जन्माष्टमी पर खास महत्व माना जाता है।

कहा जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री के साथ-साथ पंजीरी का भोग भी बेहद प्रिय है। यही वजह है कि जन्माष्टमी के मौके पर कई घरों में खास तौर पर धनिया पंजीरी तैयार की जाती है और पूजा के बाद इसे प्रसाद के रूप में परिवार और आसपास के लोगों में बांटा जाता है। इसकी खुशबू और स्वाद जन्माष्टमी के उत्सव को और अधिक खास बना देते हैं।

ऐसे में अगर आप भी इस जन्माष्टमी पर अपने घर के लड्डू गोपाल के लिए धनिया पंजीरी का भोग तैयार करना चाहते हैं, तो हम आपके लिए लेकर आए हैं झटपट और बेहद आसान तरीके से बनने वाली धनिया पंजीरी की रेसिपी। इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगेगा और इसका स्वाद भी कान्हा को चढ़ाए जाने वाले प्रसाद के लिए एकदम खास रहेगा। तो आइए जानते हैं जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल के लिए धनिया पंजीरी बनाने की आसान विधि और इसमें लगने वाली सामग्री के बारे में।

धनिया पंजीरी बनाने के लिए सामग्री

1 कप धनिया पाउडर या साबुत धनिया

¾ कप मिश्री या पिसी हुई चीनी

 3 से 4 बड़े चम्मच देसी घी

1 कप मिक्स मेवे (मखाना, काजू, बादाम)

 कद्दूकस किया हुआ नारियल

थोड़ी सी इलायची पाउडर

सजाने के लिए तुलसी के पत्ते

कैसे बनाएं धनिया पंजीरी?

धनिया पंजीरी बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में करीब 2 चम्मच देसी घी डालकर गर्म करें। फिर इसमें कटे हुए काजू और बादाम डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमे मखाने और कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें और करीब 1 से 2 मिनट तक भुन लें। जब मेवे हल्के क्रिस्पी हो जाएं तो इन्हे प्लेट में निकाल लें। अब उसी कड़ाही में 1 से 2 चम्मच घी और डालें। इसमें धनिया पाउडर या दरदरा पीस हुआ साबुत धनिया डालें। इसके बाद धीमी से मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए करीब 4 से 5 मिनट तक भूनें। ध्यान रखें कि धनिया जले नहीं। क्योंकि अगर धनिया जल गया तो पंजीरी का स्वाद कड़वा हो सकता है। अब भुने हुए धनिया को एक बड़े बाउल में निकाल लें और पूरी तरह ठंडा होने दें। यह स्टेप बेहद जरूरी है, क्योंकि गर्म धनिया में चीनी या मिश्री डालने से वह पिघल सकती है।

इसलिए धनिया पूरी तरह ठंडा होने के बाद इसमें ¾ कप पिसी हुई मिश्री, खांड या चीनी डालें। फिर भुने हुए काजू, बादाम, मखाने और नारियल को भी इसमें मिला दें। अपनी पसंद के अनुसार आप इसमें थोड़ी-सी इलायची पाउडर डाल सकते हैं। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं और आपकी स्वादिष्ट और खुशबूदार धनिया पंजीरी बनकर तैयार है।

पंजीरी बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

धनिया को तेज आंच पर न भूनें, वरना इसका स्वाद कड़वा हो सकता है। मेवों को भी केवल हल्का सुनहरा और क्रिस्पी होने तक ही भूनें। इसके अलावा सबसे जरूरी बात, चीनी या मिश्री हमेशा भूने धनिया के पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही मिलाएं। इससे पंजीरी का टेक्सचर भी अच्छा रहेगा और मिठास भी सही तरीके से बनी रहेगी।

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *