https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

भूल जाएंगे चीनी वाली जलेबी! बस एक बार ट्राई करें गुड़ से बनी कुरकुरी जलेबी, नोट कर लें रेसिपी

भूल जाएंगे चीनी वाली जलेबी! बस एक बार ट्राई करें गुड़ से बनी कुरकुरी जलेबी, नोट कर लें रेसिपी

Gud Wali Jalebi Recipe: शाम का वक्त हो, बाहर हल्की ठंडक हो और सामने गर्मागर्म जलेबियों की खुशबू आ जाए, तो खुद को रोक पाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। लेकिन इस बार सोचिए, अगर वही जलेबी चीनी की जगह देसी गुड़ की मिठास से तैयार हो, तो उसका स्वाद कितना अलग होगा? सुनने में भले ही यह छोटी-सी तब्दीली लगे, लेकिन गुड़ जब जलेबी में घुलता है, तो उसका रंग, खुशबू और स्वाद तीनों ही इसे आम जलेबी से बिल्कुल अलग बना देते हैं।

ऐसे में अगर आपको भी पारंपरिक स्वाद वाली मिठाइयां पसंद हैं, तो गुड़ वाली जलेबी आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकती है। बाहर से कुरकुरी, अंदर से रस से भरी और गुड़ की हल्की-सी खुशबू वाली यह जलेबी घर पर आसानी से बनाई जा सकती है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको किसी खास मशीन या बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ेगी। तो चलिए जानते हैं, घर पर कुरकुरी और स्वादिष्ट गुड़ वाली जलेबी बनाने का आसान तरीका।

गुड़ वाली जलेबी बनाने के लिए सामग्री

1 कप मैदा

2 चम्मच सूजी

1/2 कप दही

1 चुटकी बेकिंग सोडा

जरूरत के अनुसार पानी

तलने के लिए तेल या घी

चाशनी के लिए

1 कप गुड़

1/2 कप पानी

2-3 इलायची

1 चम्मच नींबू का रस

कैसे बनाएं गुड़ वाली जलेबी?

गुड़ वाली जलेबी बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा, सूजी और दही डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और स्मूद बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न तो बहुत गाढ़ा हो और न ही बहुत ज्यादा पतला। इसके बाद बैटर को ढककर करीब आधे से एक घंटे के लिए रख दें, ताकि जलेबी का बैटर अच्छी तरह सेट हो सके।

ये भी पढ़ें:– घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसे क्रिस्पी स्प्रिंग रोल, ये छोटी-सी ट्रिक आएगी काम

अब एक पैन में गुड़ और पानी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें। गुड़ पूरी तरह पिघलने के बाद इसे छान लें, ताकि किसी तरह की गंदगी न रह जाए। चाशनी को फिर दोबारा पैन में डालकर उसमें इलायची डालें। इसे हल्का चिपचिपा होने तक पकाएं और अंत में नींबू का रस डाल दें।

अब एक कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। जलेबी बनाने के लिए तैयार बैटर को किसी पाइपिंग बैग, कपड़े या सॉस की बोतल में भर लें। गर्म तेल में बैटर को गोल-गोल आकार में डालकर जलेबी बनाएं। जलेबी को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। जैसे ही जलेबी दोनों तरफ से अच्छी तरह पक जाए, उन्हें तुरंत गर्म गुड़ की चाशनी में डाल दें। करीब 5 से 10 मिनट तक जलेबियों को चाशनी में रहने दें, ताकि उनमें गुड़ का स्वाद अच्छी तरह घुल जाए। इसके बाद जलेबी को चाशनी से बाहर निकाल लें। गुड़ वाली जलेबी को गर्मागर्म परोसने पर इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। आप इसे ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम से सजा सकते हैं। चाहें तो जलेबी के साथ गर्म दूध या मलाई भी परोस सकते हैं।

ये भी पढ़ें:- नाश्ते में बनाएं सूजी की मिनी इडली, न चावल भिगोने की झंझट न घंटों इंतजार, कम समय में तैयार होगी ये सॉफ्ट और टेस्टी रेसिपी

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *