UP News: उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की चर्चित पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अपनी अगली पारी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को सुबह करीब 8:30 बजे जारी किए गए अपने वीडियो संदेश में दिव्या मित्तल ने राजनीति में आने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करेंगी और आम लोगों की आवाज बनने की कोशिश करेंगी।
दिव्या मित्तल ने साफ किया कि वह फिलहाल किसी मौजूदा राजनीतिक दल के साथ जुड़ने की बात नहीं कर रही हैं। उन्होंने लोगों के साथ मिलकर अपना राजनीतिक मंच खड़ा करने की बात कही है। उनका कहना है कि राजनीति उनके लिए केवल किसी पद तक पहुंचने का जरिया नहीं होगी, बल्कि उन लोगों की आवाज उठाने का माध्यम होगी, जिनकी समस्याएं सरकारी दफ्तरों तक नहीं पहुंच पातीं या पहुंचने के बाद भी सुनी नहीं जातीं।
सोशल मीडिया वीडियो में क्या कहा?
दिव्या मित्तल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियों के जरिए अपने अगले कदम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले IAS से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने लोगों के मन में कई सवाल छोड़ दिए थे। अब उन्होंने वीडियो के जरिए उन सवालों का जवाब दिया है।
उन्होंने कहा- लोगों ने मुझसे कहा कि तुम सब कुछ तो बन गईं, अब और क्या बनना चाहती हो? मुझे आवाज बनना है। उन लोगों की आवाज, जिनकी आवाज किसी दफ्तर तक नहीं पहुंच पाती और अगर पहुंच भी जाए तो सुनी नहीं जाती। उन्होंने आगे कहा कि वह ऐसे लोगों की तरफ से देश की आजादी के 80 सालों का हिसाब चाहती हैं। इसी बात को उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा का एक प्रमुख आधार बताया है।
कुछ दिन पहले IAS से त्यागपत्र दिया था और आपके मन में कई सवाल छोड़ दिए थे। अपनी बात इस वीडियो में कह दी है। अगर आपको लगे कि ये आपकी भी बात है, तो 9198956957 पर whatsapp मैसेज करिए। pic.twitter.com/mtS6gzBzRw
— Divya Mittal (@divyamittal_IAS) September 29, 2026



